बीजिंग: अमेरिका और चीन के बीच चल रहे व्यापार, तकनीक और क्षेत्रीय सुरक्षा विवादों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को बीजिंग में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। दोनों नेताओं की मुलाकात बेहद अहम मानी जा रही है और पूरी दुनिया की नजर इस पर टिकी हुई है। बीजिंग के ‘ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल’ में राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ट्रंप का औपचारिक स्वागत किया। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और इसके बाद ट्रंप ने शी जिनपिंग के मंत्रिमंडल के सदस्यों से मुलाकात की।
ट्रंप को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया
ट्रंप ने भी अपने प्रतिनिधिमंडल और कैबिनेट के सदस्यों का परिचय चीनी राष्ट्रपति से कराया। इनमें अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ शामिल थे। इस दौरान चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी की ऑनर गार्ड बटालियन ने राष्ट्रपति ट्रंप को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया। औपचारिक स्वागत समारोह के बाद दोनों देशों के नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता शुरू हुई। बातचीत के दौरान ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति की जमकर तारीफ की और उन्हें एक महान नेता बताया। वहीं, शी जिनपिंग ने भी कहा कि वह इस बात से खुश हैं कि ट्रंप 9 साल के बाद चीन आए हैं।
ट्रंप ने की जिनपिंग की जमकर तारीफ
मीटिंग की शुरुआत में ट्रंप ने जिनपिंग की खुलकर तारीफ की और दोनों देशों के रिश्तों को भविष्य में और मजबूत होने की उम्मीद जताई। उन्होंने जिनपिंग को ‘महान नेता’ बताया और कहा कि चीन और अमेरिका के संबंध पहले से कहीं बेहतर होंगे। ट्रंप ने अपने स्वागत के लिए जिनपिंग का धन्यवाद करते हुए कहा, ‘राष्ट्रपति शी, मैं आपका बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं। यह ऐसा सम्मान है, जैसा बहुत कम लोगों ने कभी देखा होगा। मैं उन बच्चों से बहुत प्रभावित हुआ। वे खुश थे, बेहद सुंदर थे। सेना की व्यवस्था तो शानदार थी ही, लेकिन वे बच्चे अद्भुत थे और बहुत कुछ दर्शाते हैं।’
‘मुश्किलों को हमने मिलकर सुलझाया’
ट्रंप ने कहा कि उनकी और शी जिनपिंग की लंबे समय से अच्छी दोस्ती रही है और दोनों नेताओं ने हमेशा बातचीत के जरिए मुश्किल हालात को संभाला है। उन्होंने कहा, ‘हम दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते हैं। शायद हमारे दोनों देशों के किसी भी राष्ट्रपति के बीच इतना लंबा रिश्ता नहीं रहा होगा। हमारा रिश्ता शानदार रहा है। जब भी कोई मुश्किल आई, हमने उसे मिलकर सुलझाया। मैं आपको फोन करता था, आप मुझे फोन करते थे और जब भी कोई समस्या हुई, हमने उसे बहुत जल्दी हल कर लिया। चीन के लिए आपने जो काम किया है, उसके लिए आपके प्रति बहुत सम्मान है। आप एक महान नेता हैं।’
‘आपका दोस्त होना सम्मान की बात है’
ट्रंप ने यह भी कहा कि उनके साथ अमेरिका के बड़े कारोबारी नेता चीन आए हैं, जो चीन के साथ व्यापार और कारोबारी रिश्ते बढ़ाने के इच्छुक हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारे साथ दुनिया के सबसे बड़े और बेहतरीन कारोबारी लोग आए हैं। वे सभी चीन के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं।’ ट्रंप ने इस बैठक को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अमेरिका में लोग इस शिखर बैठक पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘कुछ लोग कह रहे हैं कि यह शायद अब तक की सबसे बड़ी शिखर बैठक हो सकती है।’ अपने संबोधन के अंत में ट्रंप ने कहा, ‘आपका दोस्त होना मेरे लिए सम्मान की बात है और चीन तथा अमेरिका के रिश्ते पहले से कहीं ज्यादा बेहतर होने वाले हैं।’
