बड़े मंगल पर डॉ राजेश्वर सिंह की सेवा यात्रा, संकट मोचन हनुमान संग्रहालय के विकास हेतु दिए ₹50 हजार

Lucknow
  • भंडारा, सुंदरकांड और हवन कार्यक्रमों में उमड़ा जनसैलाब, डॉ राजेश्वर सिंह ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश
  • सनातन सेवा और धर्म संरक्षण के संकल्प के साथ विभिन्न धार्मिक आयोजनों में शामिल हुए डॉ राजेश्वर सिंह
  • “बड़ा मंगल केवल उत्सव नहीं, सेवा और संस्कार का महापर्व है” — डॉ राजेश्वर सिंह

लखनऊ। बड़े मंगल के पावन अवसर पर सरोजनीनगर विधायक डॉ राजेश्वर सिंह ने लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित 12 से अधिक भंडारा, सुंदरकांड, हवन, प्रसाद वितरण एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागिता कर सनातन संस्कृति, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। दिनभर चले इन कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं का भारी जनसमूह उमड़ा और हर स्थान पर बजरंगबली के जयघोष गूंजते रहे।

अलीगंज स्थित रविंद्र गार्डन में आयोजित बड़ा मंगल भंडारा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम में डॉ राजेश्वर सिंह ने श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया तथा भक्तों का अभिवादन स्वीकार किया। वहीं राजपूताना, शहीद पथ के निकट आयोजित प्रसाद वितरण एवं भंडारा कार्यक्रम में बड़े भाई रामेश्वर सिंह के साथ सम्मिलित होकर सेवा कार्यों में सहभागिता की। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद जगदंबिका पाल, योगेन्द्र अवाना, प्रभुनाथ राय, आईएएस संजीव रंजन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

गहरू पिपरसंड रोड स्थित संकट मोचन हनुमान संग्रहालय में आयोजित 16वें विशाल भंडारा कार्यक्रम में डॉ राजेश्वर सिंह ने मंदिर की छत निर्माण हेतु ₹50,000 की सहयोग राशि प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मंदिर केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सेवा और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं।

श्री झाड़ेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित भंडारा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम में डॉ राजेश्वर सिंह ने मंदिर परिसर में स्थापित वाटर कूलर का उद्घाटन किया तथा गुरुकुल में वेद अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

इसके अतिरिक्त डॉ राजेश्वर सिंह ने रत्नाकर खंड, साउथ सिटी में आयोजित विशाल भंडारा एवं सुंदरकांड कार्यक्रम, आशियाना सेक्टर M/N पुलिया स्थित भंडारा, तेलीबाग के रथिंद नगर स्नेह खंड जन कल्याण समिति द्वारा आयोजित विशाल भंडारा तथा वृंदावन पैलेस में आयोजित सुंदरकांड पाठ एवं महाप्रसाद सेवा कार्यक्रम में सहभागिता की।

खांडे देव, बंथरा में आयोजित श्री बजरंगबली जी की प्राण प्रतिष्ठा एवं भंडारा कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने पूजा-अर्चना की तथा श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया। वहीं मिर्जापुर औरंगाबाद खालसा, सेक्टर-O में आयोजित हवन एवं विशाल भंडारा तथा चौक स्थित श्री कोनेश्वर महादेव मंदिर में स्वर्गीय आशुतोष टंडन ‘गोपाल जी’ की स्मृति में आयोजित विशाल भंडारे में भी उन्होंने सहभागिता कर श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया।

इस दौरान डॉ राजेश्वर सिंह ने कहा कि बड़ा मंगल केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, दान और सामाजिक समरसता का महापर्व है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा हमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहयोग पहुंचाने की प्रेरणा देती है तथा यही भारत की सांस्कृतिक शक्ति का आधार है।