भवानीपुर के स्ट्रॉन्ग रूम पहुंचीं ममता बनर्जी, EVM पर बवाल; BJP ने TMC पर लगाए मारपीट के आरोप

# ## National

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी गुरुवार को भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के स्ट्रॉन्ग रूम पहुंचीं और EVM में छेड़छाड़ और धांधली के आरोप लगाए। यह स्ट्रॉन्ग रूम दक्षिण कोलकाता के सखावत मेमोरियल स्कूल में बनाया गया है, जहां 29 अप्रैल को हुए मतदान की EVM रखी गई हैं। ममता बनर्जी भारी बारिश के बीच शाम को वहां पहुंची थीं और देर रात बाहर आईं। इस दौरान कोलकाता के महापौर और टीएमसी नेता फिरहाद हाकिम भी मौके पर पहुंचे, लेकिन वे मुख्यमंत्री से नहीं मिल सके। इस बीच स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर भारी बवाल हो गया और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप लगाया।

TMC ने कहा- EVM के साथ हो रही छेड़छाड़

फिरहाद हाकिम ने कहा कि ममता बनर्जी अपने चुनाव एजेंट के साथ पहले ही अंदर जा चुकी थीं और उम्मीदवार होने के अधिकार के तहत निरीक्षण कर रही थीं। हाकिम ने कहा, ‘मुझे अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली, इसलिए मैं यह नहीं बता सकता कि अंदर क्या हो रहा है।’ यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ जब पार्टी के दो वरिष्ठ उम्मीदवार कुणाल घोष और शशि पांजा ने खुदीराम अनुशीलन केंद्र के बाहर धरना शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि यहां रखी ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि दोपहर करीब 3:30 बजे तक पार्टी कार्यकर्ता स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर मौजूद थे, लेकिन अचानक एक ईमेल के जरिए सूचना दी गई कि शाम 4 बजे स्ट्रॉन्ग रूम खोला जाएगा।

TMC  नेता कुणाल घोष ने लगाए गड़बड़ी के आरोप

कुणाल घोष ने कहा, ‘जब हमने अपने कार्यकर्ताओं से संपर्क किया तो पता चला कि वे वहां से जा चुके हैं। हम तुरंत पहुंचे, लेकिन हमें अंदर जाने नहीं दिया गया, जबकि बीजेपी को बुलाया जा रहा है।’ उन्होंने लाइव स्ट्रीम में भी गड़बड़ी के आरोप लगाए और पूछा कि अगर पोस्टल बैलेट की प्रक्रिया चल रही है, तो उसकी जानकारी पहले क्यों नहीं दी गई। हालांकि चुनाव आयोग ने TMC के आरोपों का सिलसिलेवार जवाब दिया और कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम पूरी तरह सुरक्षित हैं और कहीं कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। आयोग ने बाद में इस मुद्दे पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की।