सऊदी अरब में ईरानी हमले में भारतीय नागरिक की मौत, भारतीय दूतावास ने बताई पूरी सच्चाई

# ## International

दुबई। सऊदी अरब में एक आवासीय परिसर पर हुए मिसाइल हमले में किसी भी भारतीय की मौत नहीं हुई है। रियाद में भारतीय दूतावास ने सोमवार को यह बात कही। उसने कहा कि रविवार को इस घटना में घायल हुए एक भारतीय नागरिक का सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ”राहत की बात है कि कल शाम अल खर्ज में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किसी भी भारतीय की जान नहीं गयी।” दूतावास ने बताया कि वह इस मामले में संबंधित सऊदी प्रशासन के संपर्क में है।

परामर्शदाता (सामुदायिक कल्याण) वाई साबिर ने रविवार रात अल खर्ज का दौरा किया और घटना में घायल हुए भारतीय नागरिक से मुलाकात की। दूतावास ने बताया, ”उनका (घायल व्यक्ति का) अल खर्ज के एक सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।”

रविवार को ‘सऊदी सिविल डिफेंस’ ने बताया था कि अल खर्ज में रखरखाव और सफाई से संबंधित एक कंपनी के आवासीय परिसर पर मिसाइल गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक भारतीय नागरिक था। उसने कहा था कि इस घटना में एक बांग्लादेशी नागरिक की भी मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। हालांकि, सऊदी प्रशासन ने मृतकों की पहचान जारी नहीं की थी।

अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी से ईरान पर संयुक्त हमला शुरू किया था। यह हमला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा तेहरान पर उसके परमाणु कार्यक्रम को लेकर नए समझौते के लिए दबाव बढ़ाने के बाद कई दिनों से की जा रही तैयारियों के बाद हुआ। ईरान की जवाबी कार्रवाई ने युद्ध को पूरे खाड़ी क्षेत्र में फैला दिया।