लखनऊ। लखनऊ और आस-पास आज दोपहर बाद मौसम में बदलाव होगा। बादल छाए रहेंगे कहीं-कहीं बूंदाबांदी के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव होने से मंगलवार को हल्की बारिश की संभावना है। न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ाेतरी होने की संभावना है। इसके बाद दो से तीन डिग्री सेल्सियस तापमान में गिरावट हो सकती है।
गरज और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश
दिल्ली में बुधवार सुबह बादल छाए रहे और न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो इस मौसम के औसत से 4.8 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आमतौर पर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है, कुछ स्थानों पर गरज और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
आईएमडी ने जारी किया येलो अलर्ट
दिल्ली के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है जो इस बात की प्रारंभिक चेतावनी है कि गंभीर मौसम की स्थिति की आशंका है और इससे दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली की प्रमुख वेधशाला सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 4.8 डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
‘खराब’ श्रेणी में बनी दिल्ली का AQI
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीपी) के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है और सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 227 दर्ज किया गया। सीपीसीबी शून्य से 50 के बीच के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में वर्गीकृत करता है।
