लखनऊ में चाइनीज मांझे से दूसरी बड़ी घटना:रिटायर्ड फौजी गंभीर रूप से घायल

# ## Lucknow
लखनऊ में चाइनीज मांझे का खतरा लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। 24 घंटे के भीतर दूसरी घटना में एक रिटायर्ड फौजी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके चेहरे और जबड़े पर गहरे जख्म आए हैं, जिन पर 30 टांके लगाने पड़े।
लखनऊ में चाइनीज मांझे से दूसरी बड़ी घटना
लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार इलाके में गुरुवार दोपहर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से रिटायर्ड फौजी बृजेश राय गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे पहले पुराने लखनऊ में एक युवक की इसी तरह हुई घटना में मौत हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं ने शहर में दहशत का माहौल बना दिया है।
ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा
अर्जुनगंज सरयू नगर निवासी बृजेश राय स्कूटी से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। वह सुशांत गोल्फ सिटी स्थित कल्याण सिंह कैंसर संस्थान में कार्यरत हैं। शहीद पथ पर अचानक सड़क पर फैला चाइनीज मांझा उनके चेहरे और मुंह में उलझ गया। मांझे की तेज धार से उनका जबड़ा और चेहरा बुरी तरह कट गया, होंठ पर गहरा घाव हो गया। संतुलन बिगड़ने से वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़े और खून से लथपथ हालत में तड़पते रहे।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल बृजेश राय को आनन-फानन में कमांड अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक उनके चेहरे और जबड़े पर गहरे जख्म थे, जिन पर 30 टांके लगाए गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।