कांग्रेस की पंचक्रोशी यात्रा आज:नवजोत सिंह सिद्धू भी होंगे शामिल

# ## Varanasi Zone

(www.arya-tv.com) पूर्वांचल में कांग्रेस धार्मिक आयोजनों में भागीदारी के साथ सामाजिक सौहार्द बढ़ाएगी। वाराणसी की सुप्रसिद्ध पंचक्रोशी यात्रा में कांग्रेस संगठन भागीदारी करेगा। पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। पांच दिवसीय यात्रा का आगाज आज मणिकर्णिका कुंड से होगा। पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू यात्रा को रवाना करेंगे।

कांग्रेस आज से पांच दिवसीय पंचक्रोशी यात्रा का आगाज करेगी। कांग्रेस प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय की अगुवाई में पार्टी पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता पांच दिनों की पंचक्रोशी यात्रा में शामिल होंगे। इसके लिए पांचों दिन की रूपरेखा भी तैयार की गई। प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि देश की खुशहाली, अमन चैन, भाईचारे, सौहार्द्र और जगत कल्याण की कामना से कांग्रेस की धार्मिक यात्रा है। इस यात्रा के साथ सामाजिक सौहार्द के साथ भागीदारी भी बताएंगे। कांग्रेस सभी धर्मों का समान सम्मान करती है। यात्रा के दौरान भक्तों से व्यापक संवाद भी करेंगे। कार्यकर्ताओं के अलावा आमजन को पदयात्रा में शामिल होने के लिए अलग से आमंत्रित किया गया है।

वहीं, कांग्रेस की पंचक्रोशी यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। एसीपी की ओर पंचक्रोशी यात्रा के सभी पड़ाव और रूट पर सुरक्षा के इंतजामों का निर्देश दिया है। यात्रा के थानाध्यक्षों को अलग से अलर्ट दिया गया है। वहीं मार्ग के श्रद्धालुओं को असुविधा नहीं हो। इसके लिए भी निर्देशित किया गया है।