पौध रोपण जन अभियान-2023’ के तहत कृषि मंत्री ने लगाए रामायण कालीन पौधे

# ## UP

(www.arya-tv.com)  प्रदेश व्यापी 35 करोड़ ‘पौध रोपण जन अभियान-2023’ के तहत अयोध्या के राजघाट पर नंदन वन स्थापित किया गया। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने अभियान का शुभारम्भ किया। उन्होंने इस इस वन में रामायण कालीन प्रजातियों में कदम्ब, जामुन, गुटेल, अमलताश, पाकड़, पीपल का रोपण किया।इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण के पवित्र संकल्प में अपनी-अपनी हिस्सेदारी निभानी है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान 2023 में जनपद अयोध्या को 41.72 लाख का लक्ष्य शासन द्वारा प्राप्त हुआ है, जिसके प्रथम चरण में आज 34.38 लाख पौधों का रोपण सम्पूर्ण जनपद में किया जा रहा है तथा शेष 6.33 लाख पौधों का रोपण द्वितीय चरण में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को किया जायेगा।

वृहद पैमाने पर वृक्षारोपण जरूरी- सूर्य प्रताप शाही

उन्होंने कहा कि हरियाली के साथ साथ जल संरक्षण करने तथा बढ़ते तापमान को नियंत्रित करने हेतु वृहद पैमाने पर वृक्षारोपण जरूरी है। भावी पीढ़ी को यदि बचाना है तो वृहद स्तर पर पौधोरोपण करें। उन्होंने उपस्थित बच्चों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों/कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों को संबोधित करते हुये कहा कि सभी लोग आज के दिन एक-एक पौधा अवश्य लगायें तथा अपने माता-पिता भाई बहन तथा आसपास के सभी लोग तथा सभी सरकारी कर्मचारी इस अभियान में कम से कम एक-एक पौधा अवश्य लगाए तथा मुख्यमंत्री के पवित्र संकल्प जन सहभागिता के साथ सभी लोग मिल करके पूरा करें।

रुदौली में 80 हेक्टेयर भूमि पर  जैव विविधता पार्क बनेगा-डीएम

उन्होंने बताया कि तहसील रूदौली में 80 हेक्टेयर भूमि पर जनपद के पहले जैव विविधता पार्क के निर्माण की शासन से स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, शीघ्र ही इसको विकसित करने का कार्य प्रारम्भ कर दिया जायेगा तथा इसे भविष्य में एक और जैव विविधता पार्क के रूप में विकसित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि इस बार वृक्षारोपण अभियान जनपद में कृषक भाईयों को भी उनकी मांग के अनुरूप पर्याप्त पौधे उपलब्ध कराये गये है तथा इस वर्ष पशु पक्षियों एवं जीव जन्तुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुये बनीकरण में फलदार पौधे ही अधिक लगाये जा रहे है।