आगरा, मथुरा और वृंदावन के लिए AC बस शुरू:गोरखपुर से हर दूसरे दिन चलेगी

# ## Gorakhpur Zone

(www.arya-tv.com) गोरखपुर से आगरा, मथुरा और वृंदावन की यात्रा करना अब बेहद आसान हो गया। यात्री अब यहां से रोडवेज की लग्जरी अनुबंधित AC बस से आगरा के रास्ते मथुरा और वृंदावन का सफर कर सकेंगे। इसके लिए आज रविवार से एक AC बस शुरू कर दी गई। रोडवेज बस का रूट और किराया निर्धारित कर लिया गया है।

परिवहन निगम गोरखपुर के RM पीके तिवारी और गोरखपुर डिपो के ARM महेश चंद्र ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रविवार दोपहर 2:30 बजे बस वृंदावन के लिए रवाना हुई। बस रात 9:30 बजे लखनऊ के आलमबाग बस स्टेशन पर पहुंचेगी। यहां से रात 10 बजे चलकर बस अगले दिन सुबह 5 बजे आगरा और 5:30 बजे चलकर 6:30 बजे मथुरा पहुंचेगी। मथुरा से चलकर बस सुबह 7 बजे वृंदावन पहुंच जाएगी।

हर दूसरे दिन चलेगी बस
इसी तरह दोपहर 12 बजे वृंदावन से चलकर बस 12:15 मथुरा, दोपहर 2 बजे आगरा, रात 9:30 बजे लखनऊ और सुबह 5 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि अभी एक दिन छोड़कर इस बस का संचालन किया जाएगा। भविष्य में इस रूट पर एक और बस लगाई जाएगी। जिसके बाद वृंदावन के लिए प्रतिदिन बस मिलेगी।

अभी तक इस रूट पर नहीं चलती थी AC बस
रोडवेज के RM पीके तिवारी ने बताया, ”इस रूट पर अभी तक AC बस सेवा नहीं थी। रविवार से पहली बार गोरखपुर से आगरा, मथुरा और वृदांवन के लिए यह सेवा शुरू हुई। इसमें आनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी है।’