मेरठ में छेड़छाड़ का विरोध करने पर पति को पीटा:महिला के शोर मचाने पर आरोपियों ने किया पथराव

# ## Meerut Zone

(www.arya-tv.com)  मेरठ में पति के साथ शादी समारोह में शामिल होने गई महिला के साथ पांच मनचलों ने छेड़छाड़ कर दी। महिला के पति ने आरोपियों का विरोध किया तो आरोपियों ने महिला के पति के साथ जमकर मारपीट कर दी। महिला ने शोर मचाया तो आरोपी पथराव करते हुए मौके से फरार हो गए।

लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित लक्खीपुरा निवासी एक महिला अपने पति के साथ पास ही स्थित एक कॉलोनी में अपने मामा एहसान की बेटी के शादी समारोह में शामिल होने के लिए गई थी। देर रात करीब 12:30 बजे जब महिला अपने पति के साथ शादी से घर जाने लगी तभी रास्ते में पांच युवक मिले। महिला के साथ छेड़छाड़ करने लगे। पति ने आरोपियों का विरोध किया तो आरोपियों ने महिला के पति के साथ मारपीट कर दी। महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग आरोपियों की तरफ दौड़े।

इस दौरान आरोपियों ने पथराव कर दिया और मौके से फरार हो गए। महिला के पति ने मामले की जानकारी डायल 112 पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश की, लेकिन आरोपी नहीं मिल पाए, जिसके बाद महिला ने थाने पहुंचकर पांचों आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। लिसाड़ी गेट क्षेत्र मनचलों का गढ़ बन चुका है। आए दिन छेड़छाड़ की घटनाएं हो रही हैं। शनिवार को भी मजीद नगर में युवकों ने एक युवती के साथ छेड़छाड़ करते हुए उठाने का प्रयास किया था। पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।