आगरा में हर्ष फायरिंग में दुल्हन के मौसा की मौत:सिक्योरिटी गार्ड ने चलाई थी गोली

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)आगरा में सोमवार देर रात दो अलग-अलग जगह हर्ष फायरिंग के मामले सामने आए है। जहां तिलक समारोह में गार्ड की लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायरिंग के दौरान दुल्हन के मौसा की गोली लगने से मौत हो गई। गोली लगने के बाद वहां भगदड़ मच गई। जिसके बाद गार्ड समारोह से फरार हो गया। गार्ड लड़के वालों की तरफ से समारोह में शामिल होने पहुंचा था। दूसरी जगह तीन अलग-अलग लोग तीन बंदूक से हर्ष फायरिंग कर रहे हैं। हर्ष फायरिंग का वीडियो सामने आया है।

दावत खाने में लाइसेंसी बंदूक से चली गोली

पहली घटना सदर क्षेत्र के बड़ा उखर्रा की है। जहां रामप्रकाश ओझा के बेटे प्रिंस की सोमवार को तिलक समारोह का कार्यक्रम था। शमसाबाद रोड स्थित कहरई से लड़की वाले तिलक लेकर थे। रात एक बजे लड़की वाले दावत चल रही थी। सिक्योरिटी गार्ड राजीव शर्मा उर्फ राहुल लड़के वालों की ओर से दावत खाने पहुंचा था। उसने रात एक बजे अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायर किया। इसी बीच बंदूक नीचे की ओर हो गई और दावत खा रहे डौकी के कांच का नगला के रहने वाले सुभाष (33) के गोली लग गई।

आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज

गोली लगने के बाद समारोह में भगदड़ मच गई। आरोपी राजीव शर्मा बंदूक लेकर वहां से फरार हो गया। बताया गया है कि सुभाष दुल्हन के मौसा थे। घायल अवस्था में परिजन उसे एसएन मेडिकल कॉलेज ले गए। मगर, अस्पताल पहुंचने से पहले ही घायल की मौत हो गईै। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। DCP विकास कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वहीं, तिलक की खुशी वाले घर में हादसे के बाद मातम पसरा है।

सोशल मीडिया पर युवक ने पोस्ट किया वीडियो, जांच में जुटी पुलिस

दूसरी घटना थाना ट्रांस यमुना के टेढ़ी बगिया की बताई जा रही है। दिनेश कुलश्रेष्ठ नाम के युवक ने अपने इंस्टाग्राम पर शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के चार वीडियो अपलोड किए हैं। इन वीडियो में दिखाई दे रहा है कि पहले एक युवक पिस्टल से लोगों के बीच में बैठकर फायरिंग कर रहा है। इसके बाद दूसरे वीडियो में दो अन्य युवक भी लोगों के बीच में बैठकर ही राइफल से फायरिंग कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।