लखनऊ में डॉक्टर के खिलाफ गैंगरेप की FIR:पीड़िता बोली- चेकअप के बहाने लगाया बेहोशी का इंजेक्शन

# ## Lucknow

(www.arya-tv.com) लखनऊ के महानगर थाने में एक महिला ने भाउराव देवरस अस्पताल के डॉक्टर और वार्ड ब्वाय पर बेहोशी का इंजेक्शन लगाकर गैंगरेप का आरोप लगाया है। पीड़िता ने महानगर थाने पर सुनवाई नहीं होने पर कोर्ट में अर्जी दायर की थी। जिसके बाद बुधवार को महानगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी वार्ड ब्वाय को गिरफ्तार कर लिया है।

महिला बोली- डॉक्टर कहता रहा, इंजेक्शन लगते ही ठीक हो जाओगी
पीड़ित महिला ने दैनिक भास्कर को बताया,”मैं इलाज कराने गई थी। इंजेक्शन लगवाते हुए भी मुझे अंदाजा नहीं हुआ कि डॉक्टर क्या सोच रहे हैं। वो कहता रहा कि तुम इंजेक्शन लगने के बाद बिल्कुल ठीक हो जाओगी। फिर मुझे कुछ याद नहीं रहा। जब होश आया तो कपड़े अस्त-व्यस्त थे। तब मुझे समझ आया कि जिसे इलाज करना था, उसने मुझे कहीं का नहीं छोड़ा।

सरकारी अस्पताल इलाज के लिए गई थी पीड़िता
विकासनगर निवासी 35 वर्षीय महिला का आरोप है कि 30 अप्रैल को वो इलाज के लिए भाउराव देवरस अस्पताल गई थी। जहां डॉ. आरपी सागर ने चेकअप किया। साथ में, वार्ड ब्वाय सत्य प्रकाश अवस्थी मौजूद था। इस दौरान उसको एक इंजेक्शन लगाया गया। इंजेक्शन लगते ही बेहोश हो गई। जिसके बाद दोनों ने गैंगरेप किया। होश आने पर इसकी जानकारी हुई। शोर मचाने की कोशिश पर दोनों ने जान से मारने की धमकी दी। घर पहुंचकर परिजनों को डॉक्टर और वार्ड ब्वाय की हरकत बताई।

थाने पर नहीं हुई सुनाई, कोर्ट की ली शरण
महिला का आरोप है कि घटना के बाद परिजनों को जानकारी देकर महानगर थाने गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने भाउराव देवरस अस्पताल के डॉक्टर पर आरोप सुनते ही भगा दिया। थाने के कई चक्कर काटने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज न होने पर कोर्ट की शरण ली। कोर्ट ने आरोपी डॉक्टर आरपी सागर और वार्ड ब्वाय सत्य प्रकाश अवस्थी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।

वार्ड ब्वाय को हिरासत में, डॉक्टर की तलाश
इंस्पेक्टर महानगर केशव कुमार तिवारी के मुताबिक कोर्ट के आदेश पर डॉ. आरपी सागर और वार्ड ब्वाय सत्य प्रकाश अवस्थी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। राजाजीपुरम निवासी सत्य प्रकाश अवस्थी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। वहीं डॉ. आरपी सागर के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है।