आगरा में वृद्धा को बचाने में रोडवेज बस दुर्घटनाग्रस्त:बस में सवार एक दर्जन यात्री घायल

# ##

(www.arya-tv.com) आगरा के थाना एत्माद्दौला अंतर्गत आगरा-कानपुर हाईवे पर झरना नाला के पास वृद्धा को बचाने में रोडवेज दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई वृद्धा की मौत हो गई। वहीं, बस में सवार भाई-बहन को भी गंभीर चोट आई हैं, जबकि 10 यात्री मामूली रूप से चोटिल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया।

रात करीब साढे़ आठ बजे हुआ हादसा
आगरा फोर्ट डिपो की बस रविवार रात करीब साढे़ आठ बजे एटा जा रही थी। एनएच-19 पर शाहदरा फ्लाइओवर से उतरते ही झरना नाले पर एटा के जैथरा की रहने वाली आशा देवी सड़क पार कर रही थीं। वृद्धा को बचाने के लिए रोडवेज बस चालक ने ब्रेक लगाए। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। बस की चपेट में आकर आशा देवी घायल हो गईं।वहीं चालक सीट के पास दूसरी सीट पर बैठे भाई-बहन एटा के सिविल लाइंस निवासी विश्वास और अंजना बस का शीशा तोड़ते हुए सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद बस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। 10-12 लोग भी मामूली रूप से चोटिल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस ने वृद्धा और बहन-भाई को एसएन मेडिकल कालेज इमरजेंसी भेजा। आशा की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। विश्वास और अंजना की हालत गंभीर है।

धेवते के जन्मदिन में शामिल होने आई थीं आशा
आशा देवी की बेटी रीना एत्माद्दौला के सती नगर में रहती है। रीना के बेटे का जन्मदिन था। इसमें शामिल होने आशा परिवार के लोगों के साथ आ रही थीं। शाहदरा से पहले झरना नाला पर बस से उतरी थी। वह सड़क पार कर रही थीं। पीछे परिवर के अन्य लोग थे। तभी बस आ गई। उन्हें चपेट में ले लिया। वहीं, रोडवेज बस में सवार विश्वास और अंजना की पीईटी की परीक्षा थी। मथुरा में सेंटर था। विश्वास ने सुबह तो अंजना ने शाम की पाली में परीक्षा दी थी। दोनों परीक्षा देने के बाद बस से घर जाने के लिए बैठे थे। रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।

दो घंटे बाद खुला जाम
हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस को जाम खुलवाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। दो घंटे बाद रात करीब साढे़ 10 बजे जाम खुला और यातायात सुचारू हो सका।