FCI गोदाम में रखे अनाज में लगे सुरैरी कीड़ा:12 कॉलोनी के 50 हजार लोग परेशान

# ## Agra Zone

www.arya-tv.com)  आगरा कैंट में FCI गोदाम में रखे खाद्यान्न में पैदा हुए कीडे़ ने आसपास की 12 कॉलोनियों के लोगों को परेशान कर दिया है। कीड़े उड़कर लोगों के घरों में पहुंच रहा है। घरों में खाना, पानी, कपडे़ में कीड़े ही कीडे़ लगे हैं। लोग रात को सो भी नहीं पा रहे हैं।

आगरा कैंट पर FCI का गोदाम हैं। गोदाम में राशन पर बंटने वाले गेहूं और चावल का भंडारण है। इसमें बारिश के मौसम में सुरेरी नाम का कीड़ा लग गया है। इस कीडे़ ने गोदाम के आसपास की कालोनी अयोध्या कुंज, अर्जुन नगर, सराय ख्वाजा, नगला मेहराव में रहने वाले लोगों को परेशान कर रहा है।

अयोध्या कुंज निवासी हेमेंद्र शर्मा ने बताया कि गोदाम में रखे राशन में बारिश के मौसम में सुरैरी नाम का कीड़ा लग गया है। ये कीड़े उड़कर आसपास की कॉलोनियों में पहुंच गए हैं। आलम ये है कि पांच मिनट के लिए खाने का सामान या पानी खुला छोड़ दिया तो उसमें सुरैरी दिखाई देगी। कपड़े उताकर खूंटी पर टांग कर 10 मिनट बाद दोबारा पहनेंगे तो कपड़ों पर सुरैरी रेंगती दिख जाएगी। घर में ऐसी कोई जगह नहीं है, जहां पर सुरैरी का प्रकोप न हो।

बच्चों को काट रही
अर्जुन नगरी निवासी नीलम गुप्ता ने बताया कि उनका घर गोदाम के पास है। ऐसे में सुरैरी गोदाम से उनके घर में आ जाती हैं। रसोई में रखे खाने के सामान से लेकर घर के हर कोने में सुरैरी दिखाई देती हैं। सुरैरी से बचने के लिए दिन भर सफाई करती हैं। पूरे घर में कीडे़ मारने की दवा का छिड़काव करना पड़ता है। इसके बाद भी हजारों की संख्या में सुरैरी निकल रही हैं। खाने-पीने के सामान के अलावा सुरैरी बच्चों को भी नुकसान पहुंचा रही हैं। बच्चों के शरीर पर सुरैरी रेंगती रहती हैं। रात को शरीर पर काटने पर बच्चे जाग जाते हैं।

गोदाम में हर तरफ सुरैरी
स्थानीय लोगों का कहना है कि राशन को कीड़ों से बचाने के लिए दवा आती है। इस दवा का छिड़काव किया जाता है। मगर, गोदाम के कर्मचारी दवा को बाजार में बेच देते हैं। इस बार दवा का छिड़काव नहीं किया गया। इसके कारण खाद्यान्न में कीट लग गए हैं। सुरैरी के घरों में पहुंचने पर कुछ लोग शिकायत लेकर गोदाम गए थे। उन्होंने देखा कि गोदाम में कीट ही कीट हैं। गेहूं की बोरियों पर सुरैरी लगी हुई थीं। अनाज सड़ गया था। बोरियों में से कीडे़ के अनाज खाने की आवाज आ रही थी। यही अनाज अब राशन की दुकानों पर लोगों को बांट दिया जाएगा।

डीएम से मिलेंगे स्थानीय लोग
लोगों ने बताया कि सुरैरी से 12 कॉलोनी के करीब 50 हजार से ज्यादा लोग परेशान हैं। ऐसे में कीट नाशक के छिड़काव की मांग को लेकर वो मंगलवार को डीएम से मिलेंगे। उनका कहना है कि गोदाम और आसपास की कालोनी में कीटनाशक का छिड़काव नहीं हुआ तो उनका खाना-पीना भी मुश्किल हो जाएगा।

वही, एफसीआई के मंडल प्रबंधक रामबाबू मीणा का कहना है सुरेरी कीट को मारने के लिए गोदाम में कीटनाशक का छिड़काव करा दिया गया है। 2 से 3 दिन में पूरी तरह से कीट नष्ट हो जाएगा और लोगों को इसकी से राहत मिल जाएगी