अयोध्या में 120 रुपए किलो पहुंचा आम:दो दिन में 40 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी, केला 90 रुपए दर्जन

Uncategorized

(www.arya-tv.com) सावन लगते ही राम नगरी अयोध्या में फल के भाव आसमान छूने लगे है। आम 120 रुपए प्रति किलो बिकने लगा है। तो केला 90 रुपया दर्जन पहुंच गया है। आम के दाम में दो दिन में 40 रुपए प्रति किलो का इजाफा हुआ। इसके साथ ही सेब, अनार, अंगूर समेत अन्य फलों के दामों में भी भारी बढ़ोतरी हुई है। थोक मंडी के मुकाबले फुटकर में फल दो गुना महंगा बिक रहे है।

दो दिनों में 40 रुपए की बढ़ोतरी
अयोध्या शहर में बीते दो दिनों में आम के दाम में 40 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। रविवार को 80 रुपए प्रति किलो बिकने वाला आम का दाम 120 रुपए प्रति किलो पहुंच गया है। 50 रुपए बिकने वाला आम 90 से 100 रुपए प्रति किलो बिक रहा है। जिसके चलते आम इस सावन खास हो गया है, आम लोगों की पहुंच से दूर होता जा रहा है। रीडगंज में फल बेचने वाले फुटकर कारोबारी मो इरशाद ने बताया कि थोक मंडी में दाम के बढ़ने के दाम बढ़े है।

थोक में मात्र 10 रुपए की बढ़ोतरी
अयोध्या नवीन मंडी में बीते एक हफ्ते में आम के थोक दाम में 5 रुपए से 10 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। चौसा आम 65 रुपए से बढ़कर 72 रुपए में मिलने लगा है, लगड़ा आम 6 रुपए प्रति किलो की बढ़ोतरी के साथ 66 रुपए प्रति किलो थोक में बिकने लगा है। दुशरी (दसेहरी) आम 10 रुपए प्रति किलो बढ़कर 62 रुपए और सफेदा आम नौ रुपए की बढ़ोतरी के साथ 59 रुपए किलो थोक भाव में बिक रहा है। आम के थोक आढ़ती जय किशन मौर्या ने बताया कि सावन में आम की मांग बढ़ गई है, मंडी में आवक की कमी हुई है। हालांकि थोक मंडी की तुलना में फुटकर भाव में 50 रुपए प्रति किलो का अंतर आ रहा है।

थोक कारोबारियों की मनमानी के चलते आम लोगों से दूर हो रहा आम
सावन माह में व्रत और अनुष्ठान को देखते हुए फुटकर कारोबारी फल को मनमाने रेट में बेच रहे है। रविवार को 80 रुपए प्रति किलो बिकने वाला आम सोमवार को 100 रुपए और मंगलवार को 120 रुपए पहुंच गया। जबकि थोक मंडी में अच्छी वैरायटी का आम 72 रुपए प्रति किलो ही बिक रहा है। यहीं कारण है कि आम लोगों की पहुंच से आम दूर होता जा रहा है। अयोध्या के सोनू दुबे ने कहा कि प्रशासन को इसके लिए संज्ञान लेना चाहिए। फुटकर विक्रेताओं की मनमानी पर रोक लगाने की जरूरत है।

अंगूर पहुंचा 180 रुपए किलो
एक माह पहले जो अंगूर 70 से 80 रुपए किलो तक बिक रहा था, वह अब 180 रुपए पहुंच गया है। अनार, केला आदि के दाम भी बढ़े हुए हैं। सेब पहले 130 रुपये किलो था अब 250 में है। 50 से 60 रुपए दर्जन बिकने वाला केला 90 से 100 रुपया दर्जन बिकने लगा है। जबकि थोक मंडी में 40 रुपए से 45 रुपए दर्जन के भाव मिल रहा है। अनार 80 से 150 रुपये किलो पहुंच गया है। मौसमी 50 से 80, पपीता 40 से 60 और नाशपाती 70 से 80 रुपये किलो हो गई है। फलों में सबसे सस्ता अमरूद 40 रुपए प्रति किलो बिक रहा है।

सब्जी के भाव स्थिर

अयोध्या में बीते एक सप्ताह से हरी सब्जियों के दाम स्थिर बने हुए है। इस दौरान सब्जियों के भाव को कोई इजाफा नहीं हुआ है। बढ़ते दाम स्थिर होने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है।