नूंह हिंसा में अब तक 102 FIR दर्ज, 202 लोग गिरफ्तार

National

(www.arya-tv.com) नूंह हिंसा मामले में अब तक 102 एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिनमें आधी से ज्यादा अकेले नूंह में ही हैं। अब तक 202 लोगों को गिरफ्तार किया गया है व 80 लोगों को हिरासत में लिया गया है। नूंह हिंसा पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि इसके पीछे एक बड़ा गेम प्लान है। उन्होंने इसे एक सोची समझी साजिश बताया।

अवैध निर्माणों पर बुलडोजर

नल्हड मंदिर की तरफ जाने वाले रोड पर शुक्रवार की शाम करीब 25 अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला। नल्हड शिव मंदिर के पीछे वन विभाग की लगभग पांच एकड़ भूमि पर अतिक्रमण किया गया था।

‘बहन बेटियों की रक्षा के लिए हवाई फायरिंग की गई’

बिट्टू ने कहा कि हमने वहां शांति से जलाभिषेक किया, हमारे साथ बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे थे। मेरे हाथ में कोई हथियार नहीं था। जिसके हाथ में हथियार होगा वो लाइसेंसी ही होगा। जब पहाड़ियों से फायरिंग होने लगी। तब हमारे लोगों ने हथियार निकाले। बहन बेटियों की रक्षा के लिए हवाई फायरिंग की गई थी, नाकि किसी को मारा था।

साजिश के तहत हुई नूंह हिंसा: बिट्टू बजरंगी

एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू के दौरान नूंह हिंसा के आरोपी बिट्टू बजरंगी ने कहा कि यह हिंसा साजिश के तहत हुई। मुझे सोशल मीडिया पर जान से मारने की भी धमकी मिली।

250 बस्तियां ध्वस्त, हिंसा में रोहिंग्या भी शामिल

नूंह में सांप्रदायिक हिंसा के बाद रोहिंग्याओं की अवैध बस्तियों पर जिला प्रशासन का बुलडोजर चला है और 250 से ज्यादा झुग्गियों को ध्वस्त कर दिया गया है। इन रोहिंग्याओं के हिंसा में शामिल होने की जानकारी सामने आई हैं। नूंह हिंसा की गाज पुलिस अधीक्षक (एसपी) वरुण सिंगला व डीसी प्रशांत पंवार पर गिरी है। दोनों का तबादला कर दिया गया। नरेंद्र बिजारनिया को एसपी और धीरेंद्र खडगटा को उपायुक्त बनाया गया है। ये दोनों पहले भी नूंह में रह चुके हैं।

नूंह में कर्फ्यू में ढील

नूह में हिंसा के बाद लगाए गए कर्फ्यू में आज दोपहर 12 से तीन बजे तक ढील दी गई है। इस दौरान लोग जरूरी सामान की खरीददारी कर सकते हैं।

अवैध निर्माण पर कार्रवाई जारी

अडबर चौक से तिरंगा चौक पर तोड़फोड़ अभियान शुरू होने जा रहा है। वहीं, नलहड़ रोड पर भी अवैध निर्माण गिराने की प्रक्रिया शुरू हुई। जिला प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है।

घर के बाहर खड़ी कार में लगाई आग

पटौदी खंड के गांव भोड़ाकला में घोषगढ़ मार्ग पर घर से बाहर खड़ी बलिनो कार में देर रात अज्ञात युवकों ने आग लगा दी।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निर्देश पर चला बुलडोजर

हरियाणा प्रशासन द्वारा नूंह जिले में एसकेएम सरकारी मेडिकल कॉलेज के पास अवैध निर्माण को ध्वस्त करने पर एसडीएम अश्विनी कुमार ने कहा कि ऐसा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निर्देश पर किया गया है। अतिक्रमण 2.5 एकड़ में फैला हुआ था। यह सब अवैध निर्माण था। पता चला है कि इनमें से कुछ लोगों की हाल में हुई झड़पों में भी संलिप्तता थी।

उपद्रवियों ने कबाड़ गोदाम को किया आग के हवाले

तावडू में कबाड़ गोदाम को उपद्रवियों ने देर रात आग के हवाले कर दिया। नूंह हिंसा के बाद तावडू में यह आगजनी की चौथी घटना है।

खामियों पर घिरी सरकार

नूंह हिंसा पर हरियाणा सरकार अपनी खामियों पर ही घिर गई है। विपक्ष के साथ सरकार के अपने लोग भी सिस्टम की विफलता पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि नूंह हिंसा से पहले सरकार के पास उपद्रव का पूरा इनपुट था। इसके बावजूद सरकार व प्रशासन हिंसा को टाल नहीं पाई।

सरकार के पास हमले का इनपुट ही नहीं था

31 जुलाई को नूंह में हुई हिंसा के बारे में बड़ा खुलासा हुआ है। अब सामने आया है कि सरकार के पास हमले का इनपुट ही नहीं था। गृह मंत्री अनिल विज ने खुद यह बात कही है। विज ने इस बात से इनकार किया है कि नूंह हिंसा को लेकर उनके पास कोई इनपुट था। उनके पास तो 31 जुलाई को तीन बजे मंदिर में फंसे एक व्यक्ति ने हिंसा की सूचना दी। इस सूचना के बाद ही पुलिस फोर्स को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए थे।

नूंह हिंसा प्री-प्लान थी: गृह मंत्री अनिल विज

गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि जिस तरह से ऊंचाई से गोलियां चलाई गईं और इमारतों की छतों पर पत्थर जमा किए गए, उससे पता चलता है कि नूंह हिंसा प्री-प्लान थी। शनिवार को सात एफआईआर दर्ज की गई हैं। भड़काऊ पोस्ट के 2300 वीडियो की जांच चल रही है। नूंह में साइबर थाने पर हमले के बारे में उन्होंने कहा कि हमने इस घटना को बहुत गंभीरता से लिया है। इस बात की जांच चल रही है कि किन लोगों ने थाने पर हमला किया और वे क्या दस्तावेज नष्ट करना चाहते थे।

45 से अधिक दुकानों पर चला बुलडोजर

हरियाणा प्रशासन ने नूंह जिले में एसकेएम सरकारी मेडिकल कॉलेज के पास अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि नल्हड़ रोड पर अवैध रूप से बनी 45 से अधिक व्यावसायिक दुकानों को ध्वस्त किया जा रहा है।

अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर, हिंसा का आरोपी बिट्टू बजरंगी बोला- साजिश के तहत हुआ दंगा

नूंह हिंसा पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि कुल 102 एफआईआर दर्ज की गई हैं। 202 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 80 हिरासत में हैं। हमें जानकारी मिल रही है कि गोलीबारी की घटनाएं पूर्व नियोजित थीं। छतों पर लोगों ने पत्थर एकत्र किए गए थे। लोगों ने पहाड़ियों पर चढ़कर गोलीबारी की। हम जानकारी एकत्र कर रहे हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। आवश्यकता पड़ने पर हम बुलडोजर चलाएंगे। हम जांच करेंगे कि क्या घटना के संबंध में कोई पूर्व इनपुट था।