आगरा में 2 गो तस्कर गिरफ्तार:गो-हत्या कर बेचते थे मांस, 3 धारदार हथियार भी बरामद

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  आगरा पुलिस ने गौ हत्या कर उसके मांस की अवैध तस्करी करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 धारदार हथियार और नगदी भी बरामद हुई है।

थाना सिकन्दरा पुलिस टीम मंगलवार को थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी मुखबिर की सूचना पर फुरकान उर्फ सेठ पुत्र चांद निवासी नौबस्ता थाना लोहामण्डी, इसरार उर्फ लाला पुत्र अन्सार निवासी वजीरपुरा थाना हरीपर्वत को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों को थाना क्षेत्र के चुचैना चौराहा, फैक्ट्री एरिया के पास कार रिपेयरिंग गोदाम के पीछे पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से लोहे का 1 छुरा, 2 चॉपर, 2 रस्सी, और 3 हजार रुपए बरामद हुए हैं। मामले में थाना सिकन्दरा में केस नम्बर 084/2023 धारा 4/25 आर्म्स एक्ट दर्ज किया गया है।

कई घटनाएं कबूलीं
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह दोनों मिलकर निराश्रित गायों, बछड़ों आदि की रैकी करते थे और सूनसान जगह ले जाकर उन्हें काट कर, गोश्त बेच कर पैसे कमाते थे। आज भी इन हथियारों को निराश्रित गाय को पकड़ कर यहां काटने के लिए लाये थे।

थाना सिकंदरा के निरीक्षक क्राइम उत्तम चन्द्र पटेल ने बताया कि आरोपियों ने 6 दिन पहले रात्रि में एक काले रंग की गाय को सद्भावना हॉस्पीटल के पीछे ले जाकर काटा था। करीब 3 माह पहले भी लाइफ लाइन स्कूल के पास एक और गाय को काटा था। गोश्त बेचकर जो पैसा मिलता था, उसे खुद पर खर्च कर देते थे। दोनों जगह हुई गौ हत्या के मामले में थाना सिकंदरा में पहले से केस दर्ज है।