महाराष्ट्र की केमिकल फैक्ट्री में सिलेंडर फटने से 12 लोगों की मौत, 58 घायल

# UP

महाराष्ट्र के धुले जिले मे स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में सिलेंडर फटने से धमाका हो गया है। इस घटना में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है वहीं 58 लोग घायल हुए हैं। 50 से 60 लोगों के कंपनी के अंदर फंसे होने का अंदेशा जताया जा रहा है। घटना के समय फैक्ट्री में 100 लोग मौजूद थे।

धुले के पुलिस अधीक्षक विश्वास पंढारे ने कहा कि घटना में 12 लोगों की मौत और 58 घायल हो गए हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि घटना वघाड़ी गांव के शिरपुर तालुका में सुबह 9:45 बजे घटी। घटना के वक्त फैक्ट्री के अंदर 100 मजदूर मौजूद थे।

शिरपुर पुलिस स्टेशन अधिकारी ने कहा, ‘प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि फैक्ट्री में कई सिलेंडरों फटे हैं। अभी तक पुलिस और बचाव कर्मी आठ शवों को बाहर निकाल चुके हैं। बचाव कार्य जारी है।’ पुलिस, आपदा प्रबंधन, दमकल की विभिन्न टीमें बचाव अभियान चला रही हैं।

घायलों को पास के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। विस्फोट इतना बड़ा था कि उसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के कारण कंपनी को भी काफी नुकसान हुआ है। बचावकर्मी मलबे को निकालने का काम कर रहे हैं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने धुले जिले के शिरपुर के पास एक केमिकल फैक्ट्री में विस्फोट में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक के परिवारवालों को पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है। अब तक घटना में मरने वालों की संख्या 12 पर पहुंच गई है।