नायका का शेयर 8% टूटा, इसका सही प्राइस 600 रुपए

# ## Business

(www.arya-tv.com)जिस नायका के शेयर्स ने लिस्टिंग के दिन निवेशकों को 82% का फायदा दिया, वह शेयर काफी महंगे वैल्यूएशन पर है। विश्लेषकों का मानना है कि इसका सही भाव 600 रुपए है। वैसे आज यह शेयर सुबह में 8% टूट गया। यह 2,185 रुपए पर चला गया था।

शेयर का सही भाव 500-600 रुपए

मार्केट एनालिस्ट संदीप सभरवाल ने एक अंग्रेजी पोर्टल से बातचीत में कहा कि नायका के शेयर का सही भाव 500-600 रुपए है। यह काफी महंगे वैल्यूएशन पर कारोबार कर रहा है। उनका मानना है कि नायका न तो नई उम्र की कंपनी है और न ही यह बाजार में ज्यादा बिखराव (डिसरप्टिव) है। यह ठीक उसी बिजनेस सेगमेंट में है, जिसमें कई अन्य कंज्यूमर कंपनियां मौजूद हैं।

कई कंपनियां इस सेगमेंट में हैं

इस सेगमेंट में कई सारी कंपनियां पहले से मौजूद हैं जिनका अच्छा बिजनेस मॉडल है। कई दशक इन कंपनियों ने अपने प्रोडक्ट को स्थापित करने में खर्च किया है। वैसे नायका की लिस्टिंग के बाद इसे तगड़ा झटका लगा है। सितंबर तिमाही में इसका फायदा 96% गिर कर 1.1 करोड़ रुपए रह गया। रेवेन्यू हालांकि बढ़कर 885 करोड़ रुपए रहा। जून तिमाही के मुकाबले फायदे में 69% की गिरावट आई है।

मार्केटिंग खर्च 2.86 गुना बढ़ा

नायका का मार्केटिंग और एडवरटाइजिंग खर्च सितंबर तिमाही में 286% बढ़कर 121 करोड़ रुपए हो गया है। एक साल पहले यह केवल 31.5 करोड़ रुपए था। कंपनी का शेयर एक्सचेंज पर 82.58% के साथ 2,054 रुपए पर लिस्ट हुआ था। इसका इश्यू का मूल्य 1,125 रुपए था। इसका मार्केट कैप 1.06 लाख करोड़ रुपए है।

मार्केट कैप 1.06 लाख करोड़

मार्केट कैप में इसने हीरो मोटो कॉर्प सहित कई कंपनियों को पीछे छोड़ दिया है। वैसे कंपनी लगातार घाटे वाली रही है। हालांकि इश्यू से पहले इसने फायदा दिखाया था। मार्च 2019 में इसका घाटा 24.5 करोड़ रुपए, मार्च 2020 में 16.3 करोड़ रुपए का घाटा था। हालांकि मार्च 2021 में इसने 61 करोड़ रुपए का फायदा दिखाया था। जून तिमाही में इसने 3.5 करोड़ का फायदा दिखाया था। अब इसका फायदा 1.1 करोड़ रुपए रह गया।