जो बाइडेन ने रूस को दी चेतावनी, कहा- अगर रूस यूक्रेन पर हमला करता है तो कोई नॉर्ड स्ट्रीम 2 नहीं होगा

# International

(www.arya-tv.com) रूस और यूक्रेन का तनाव अब चरम पर है। इसी बीच अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने एक बार फिर से रूस को चेतावनी दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने सोमवार को रूस को धमकी देते हुए कहा है कि अगर रूस यूक्रेन पर हमला करता है तो कोई नॉर्ड स्ट्रीम 2 नहीं होगा। रूस की महत्वाकांक्षी गैस पाइप लाइन परियोजना नॉर्ड स्ट्रीम 2 को बनने नहीं दिया जाएगा। हालांकि उन्होंने ये स्पष्ट नहीं किया कि गैस पाइप लाइन परियोजना नॉर्ड स्ट्रीम 2 को कैसे रोका जाएगा। बता दें, यूक्रेन की सीमा के पास रूसी सैनिकों के जमावड़े के बाद से अमेरिका काफी सतर्क है और रूस के हर एक चाल पर निगरानी बनाए हुए है।

जर्मन चांसलर ओलाफ स्कॉल्ज के साथ एक ज्वॉइंट संवाददाता सम्मेलन में बोलते हुए राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि अगर रूस यूक्रेन पर हमला करता है तो गैस पाइपलाइन परियोजना नॉर्ड स्ट्रीम 2 को आगे बढ़ने नहीं देंगे। हम इसे खत्म कर देंगे। वहीं, अमेरिका और जर्मनी ने यूक्रेन में संभावित रूसी सैन्य हमले के खिलाफ एक संयुक्त मोर्चा पेश करने की प्रतिबद्धता जताई है।

जानिए क्या है नॉर्ड स्ट्रीम
ये रूस की एक महत्वाकांक्षी अंडरवाटर गैस पाइपलाइन परियोजना है। नॉर्ड स्ट्रीम 2 को पश्चिमी रूस से होकर पूर्वोत्तर जर्मनी तक बिछाई गई है। इस गैस पाइपलाइन की लंबाई करीब 1275 किलोमीटर है। रूस की एक सरकारी कंपनी गजप्रोम के पास इस परियोजना का मालिकाना हक है। काम लगभग पूरा हो चुका है लेकिन इसे अभी तक यूरोप की एजेंसियों से मंजूरी नहीं मिल पाई है।

गौरतलब है कि अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि रूस ने यूक्रेन के साथ सीमा के पास 100,000 से अधिक सैनिकों को जमा किया है। वहीं रूस लगातार जोर देकर कहता रहा है कि वो हमले को लेकर कोई योजना नहीं बना रहा है। रूस ने अमेरिका से इस बात की गारंटी की मांग की है कि यूक्रेन को नाटो का मेंबर नहीं बनाया जाएगा लेकिन अमेरिका ये मानने के लिए तैयार नहीं है।