सेना भर्ती में आए युवकों ने की कोविड जांच केन्द्र पर तोडफोड, जानिए पूरा मामला

Agra Zone

आगरा (www.arya-tv.com) यूपी के आगरा जिला अस्पताल के कोविड जांच केंद्र पर सोमवार को हंगामा हो गया। सेना भर्ती में शामिल होने आए युवक अचानक वहां पहुंच गए। जांच कराने का दबाव डालने लगे। जबकि वहां प्रबंध नहीं थे। कर्मचारियों के जांच रोक देने पर अभ्यर्थियों ने जमकर ऊधम काटा। तोडफोड भी कर दी गई।

आगरा में सेना भर्ती चल रही है। इसमें शामिल होने के लिए कोविड जांच जरूरी है। सोमवार को खेरागढ़ से तमाम युवक जिला अस्पताल के बगल में रोजगार कार्यालय स्थित जांच केंद्र चले आए। जबकि यहां सिर्फ एक ही बूथ पर नमूने लेने का प्रबंध था। युवक अपनी जांच कराने की जल्दी में थे। देर होने पर हंगामा होने लगा।

युवकों का आरोप था कि कर्मचारी उनसे 300 रुपए मांग रहे हैं। दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। युवकों ने कुर्सियों को फेंक दिया। तोडफोड कर डाली। सड़क पर जाम भी लगा दिया। इस पर डाक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों ने काम बंद कर दिया। जांच कराने आए लोग भी परेशान हो गए।

जाम की सूचना पर पुलिस पहुंची और युवकों को शांत कराया। सभी को जांच केंद्र पर ले जाया गया। पुलिस ने अस्प्ताल प्रशासन से बात करने के बाद नमूना लेने के लिए तीन तकनीशियनों की व्यवस्था कराई। देर शाम तक पुलिस की निगरानी में युवकों के नमूने लिए जाते रहे।

जांच के लिए अलग केंद्र नहीं बनाए
सेना भर्ती आदि के लिए अलग जांच केंद्र का प्रबंध किया जाना चाहिए था। हर तहसील में सीएचसी और पीएचसी हैं। उन पर इंतजाम किए जाने थे। जिला प्रशासन ने यहां प्रबंध नहीं कराए। लिहाजा भीड़ जिला अस्पताल चली आई। यही चलता रहा तो आने वाले दिनों में हालात फिर बिगड़ सकते हैं।

प्रमुख अधीक्षक डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि एकमात्र बूथ पर नमूने लेने की व्यवस्था है। खेरागढ़ से सेना भर्ती में शामिल होने वाले युवक अचानक यहां आ गए। नमूना लेने में देरी होने पर हंगामा करने लगे। 300 रुपए के आरोप की जांच हो रही है। पुलिस भी युवकों से बात करने के बाद इसकी जांच कर रही है।