दुनिया में 800 करोड़वें बच्चे का जन्म:ईसा के समय धरती पर 20 करोड़ लोग थे, पिछले 24 साल में 200 करोड़ बढ़ी आबादी

# ## International

(www.arya-tv.com) दुनिया में 800 करोड़वें बच्चे ने जन्म ले लिया है। जनसंख्या को रियल टाइम ट्रैक करने वाली साइट https://www.worldometers.info/ के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 1 बजकर 30 मिनट पर इस बच्चे ने जन्म लिया। इसके साथ ही दुनिया की आबादी भी 8 अरब (800 करोड़) हो गई है।

जनसंख्या पर संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट यानी UN Report on Population में भी अनुमान लगाया गया था कि 15 नवंबर 2022 को दुनिया की आबादी 800 करोड़ हो जाएगी

आबादी में बढ़ोतरी के इस आंकड़े में जो खास बात है, वो ये कि दुनिया की आबादी में 200 करोड़ की बढ़ोतरी पिछले 24 साल में ही हो गई है। 1998 में दुनिया की आबादी 600 करोड़ थी, जो 2010 में बढ़कर 700 करोड़ हो गई। अगले 12 साल यानी 2022 में आबादी में फिर 100 करोड़ का इजाफा हुआ और 15 नवंबर 2022 को दुनिया में 800 करोड़वें बच्चे का जन्म हुआ।

दुनिया की आबादी को लेकर ईसा के जन्म के समय के बाद से डेटा उपलब्ध है। यानी दो हजार साल से ज्यादा के समय में आबादी की बढ़ोतरी को हम देख सकते हैं।

आबादी को 100 करोड़ तक पहुंचने में 1800 साल लगे
ये आंकड़े साफ करते हैं कि ईसा के जन्म के समय दुनिया की आबादी 20 करोड़ के करीब थी। इसे 100 करोड़ तक पहुंचने में करीब 1800 साल लगे। इसके बाद यानी 100 करोड़ से 200 करोड़ तक पहुंचने में दुनिया को 130 साल ही लगे।

स्वास्थ्य सेवाएं सुधरीं तो 14 साल में 100 करोड़ लोग बढ़े
औद्योगिक क्रांति के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी से सुधार हुआ। नतीजे के तौर पर जन्म लेने वाले बच्चों और डिलीवरी के समय मरने वाली महिलाओं की संख्या में कमी आई। इसके साथ ही आबादी में बढ़ोतरी तेज होती गई। अगले 30 साल में दुनिया की आबादी 200 करोड़ से 300 करोड़ हो गई, तो वहीं केवल 14 साल में आबादी 300 करोड़ से 400 करोड़ पहुंच गई।