- शांतिनगर की जर्जर सड़क पर शुरू हुआ काम, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के निर्देश पर मौके पर पहुंचे प्रतिनिधि प्रदीप मिश्रा
लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के शांतिनगर में लंबे समय से खराब पड़ी सड़क की समस्या का संज्ञान स्थानीय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने लिया। इसके बाद उनके प्रतिनिधि प्रदीप मिश्रा मौके पर पहुंचे और क्षेत्रवासियों से संवाद कर सड़क निर्माण की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण का टेंडर पहले ही हो चुका है और विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया गया है।
- अस्थायी रूप से गिट्टी डालकर शुरू कराया गया कार्य
क्षेत्रवासियों को तत्काल राहत देने के उद्देश्य से सड़क पर गिट्टी डलवाकर कार्य की शुरुआत कर दी गई। प्रदीप मिश्रा ने बताया कि यह अस्थायी व्यवस्था आवागमन को सुगम बनाने के लिए की गई है, जबकि विभाग द्वारा शीघ्र ही सड़क का नियमित निर्माण कार्य तेज गति से कराया जाएगा।
- सितंबर तक निर्माण पूरा होने की उम्मीद
प्रदीप मिश्रा ने मौके पर मौजूद लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि निर्धारित योजना के अनुसार कार्य चलता रहा तो सितंबर माह तक सड़क निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह क्षेत्र की प्रत्येक जनसमस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं और विकास कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
सड़क निर्माण के लिए कार्य शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने राहत व्यक्त करते हुए विधायक प्रतिनिधि प्रदीप मिश्रा का आभार जताया। लोगों ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में अब ठोस पहल हुई है और उन्हें उम्मीद है कि निर्धारित समय सीमा में सड़क का निर्माण पूरा हो जाएगा।
इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि लवकुश रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष केके श्रीवास्तव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विभिन्न समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
