लखनऊ। राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों पर सनातन विरोधी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर का विरोध करने वाले आज राम मंदिर के लिए चिंता जताने का नाटक कर रहे हैं।
डॉ. शर्मा ने जारी बयान में कहा कि संसद परिसर में कांग्रेस, सपा सहित विपक्षी दलों का सनातन विरोधी चरित्र उजागर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी सांसदों द्वारा प्रभु श्रीराम के चित्र के साथ किया गया व्यवहार करोड़ों रामभक्तों की आस्था का अपमान है। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले भगवान राम को नहीं मानते थे, वे आज वोट की राजनीति के लिए उनकी आस्था का सहारा लेने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की राजनीति करने वाली विपक्षी पार्टियां अब भगवान राम के नाम पर चुनावी लाभ लेने की कोशिश कर रही हैं। इससे न केवल करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं, बल्कि संसद परिसर की गरिमा भी प्रभावित हुई है।
डॉ. दिनेश शर्मा ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के आचरण को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए आरोप लगाया कि संसद में व्यवधान उत्पन्न कर जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा बाधित की जा रही है। उन्होंने कहा कि संसद का समय जनता के हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा के लिए है, न कि राजनीतिक प्रचार के लिए।
राम मंदिर से जुड़े हालिया घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मंदिर में हुई प्रशासनिक चूक की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि आस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
