महिला ने चुराई 1.25 लाख की चेन, :पति-पत्नी बनकर ज्वैलरी शॉप पहुंचे

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com) आगरा में ज्वेलरी शॉप से चोरी का एक वीडियो सामने आया है। यहां ग्राहक बनकर आए महिला और पुरुष ने 20 सेकेंड में सवा लाख कीमत की सोने की चेन चुरा ली। महिला के साथ आए शख्स को शोरूम का स्टाफ अफसर समझ रहा था। वह अपना हाव-भाव भी कुछ ऐसे ही बनाए हुए था। महिला देखते ही देखते बड़ी सफाई से चेन को गायब कर देती है। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई।

हाथ में सोने की अंगूठी, शोरूम में आते ही कहा- बढ़िया चेन

पूरी घटना हरीपर्वत इलाके के एमजी रोड स्थित संजय प्लेस की है। यहां बाग फरजाना में रहने वाले मधुकर कक्कड़ का कक्कड़ ज्वेलर्स के नाम से शोरूम है। शनिवार दोपहर 2 बजे एक महिला और पुरुष शोरूम पर आए। पुरुष के एक हाथ की चार उंगुलियों में सोने की अंगूठी थी।

वो अधिकारी के जैसे दिखावा कर रहा था। शोरूम संचालक और कर्मचारियों ने उन्हें अधिकारी की तरह ही ट्रीट किया। उन्होंने आते ही सोने की बढ़िया चेन दिखाने को कहा। उन्होंने 25 से 30 चेन दिखाई। दोनों एक के बाद एक चेन देखते रहे। करीब 15 मिनट तक ये सिलसिला चलता रहा। मगर, उन्हें कोई चेन पसंद नहीं आई।

अचानक बोले- हम ओल्ड गोल्ड लाते हैं, फिर तेजी से निकल गए
शोरूम संचालक के अनुसार, चेन देखते-देखते दोनों अचानक उठे। उन्होंने कहा कि वो पुराना गोल्ड लेकर आ रहे हैं। फिर तेजी से शोरूम से निकल गए। इस पर उन्हें शक हो गया। उन्होंने स्टॉफ से चेन की काउंटिंग कराई तो एक चेन कम निकली। उन्होंने चौकीदार को दोनों को बुलाने के लिए दौड़ाया, लेकिन दोनों नहीं मिले। CCTV कैमरा चेक किया तो चेन चुराने की वारदात दिखी। घटना और आरोपी दोनों फुटेज में दिख रहे थे।

महिला ने हाथ में दबा ली चेन
कैमरे में देखा जा सकता है कि शोरूम में महिला और पुरुष आते हैं। उन्हें एक कर्मचारी चेन देती है। इस दौरान शोरूम संचालक मधुकर कक्कड़ भी बैठे हैं। कई सारी चेन देखने के बाद महिला अपनी मुट्ठी में एक चेन दबा लेती है। महिला दूसरी चेन उठाकर कर्मचारी को वजन के लिए बोलती है। जब वो चेन का वजन करने को मुड़ता है तो महिला चेन को अपने दूसरे हाथ में रख लेती है।

वारदात के बाद ज्वेलर्स ने वाट्सऐप ग्रुप में घटना के बारे में बताया। इस पर पता चला कि दोनों महिला और पुरुष पहले दो और शोरूम पर वारदात करने गए थे। मगर, सफल नहीं हो सके। थाना हरीपर्वत में दोनों के खिलाफ तहरीर दी गई है।