श्रीराम सायं फेरी पर पथराव के बाद शाजापुर में क्या है माहौल? बड़े अधिकारियों ने किया कैंप

# ## National

(www.arya-tv.com) एमपी के शाजापुर जिले में सोमवार की रात पथराव की घटना के बाद तनावपूर्ण स्थिति हो गई थी। प्रशासन ने समय रहते स्थिति को काबू में कर लिया है।

मंगलवार की सुबह से इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती है। साथ ही तमाम बड़े अधिकारी शाजापुर में कैंप कर रहे हैं। सोमवार की रात श्रीराम सायं फेरी पर पथराव की घटना हुई थी। मंगलवार सुबह से शहर में शांति है।

हालांकि सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। रेस्ट हाउस पर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, उज्जैन रेंज आईजी संतोष सिंह, डीआईजी अनिल कुशवाह, कमिश्नर डा. संजय गोयल,

कलेक्टर ऋजु और एसपी यशपालसिंह राजपूत बैठक कर रहे हैं। साथ ही आगे की कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की जा रही है। रेस्ट हाउस में ही हिंदू संगठनों से जुड़े कई लोग भी मौजूद हैं।

घर तोड़ने की मांग

वहीं, हिंदू संगठन के लोग फेरी पर पथराव करने वाले आरोपियों के घर तोड़ने की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि राम सायं फेरी दूसरे पक्ष के लोगों के इलाके से गुजर रही थी। इस दौरान उस वर्ग के लोगों ने फेरी पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में एक युवक घायल हो गया है।

मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने करीब दो दर्जन लोगों पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में भी लिया है।

पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। बहरहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। हिंदू संगठनों से जुड़े लोग आरोपियों के घर तोड़ने की मांग कर रहे हैं।

सुनियोजित ढंग से किया गया पथराव

सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि इस घटना को सुनियोजित तरीके से वर्ग विशेष के लोगों द्वारा अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से फेरी यात्रा निकल रही थी।

इसी दौरान एक व्यक्ति रहीम पटेल बाहर आया और नारेबाजी की। इसके बाद पूर्व से आसपास मौजूद लोग बाहर आए और यात्रा में शामिल लोगों पर पथराव किया।

सांसद सोलंकी ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की है। शहर में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए आरोपियों के घर तोड़ने की आवश्यकता हुई तो वह भी किया जाएगा।