CM बनते ही ममता की मोदी को चिट्‌ठी:PM से अपील- प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी, जल्द सप्लाई बढ़ाई जाए

National

(www.arya-tv.com)पश्चिम बंगाल में लगातार तीसरी बार कमान संभालते ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोविड मैनेजमेंट को लेकर चिट्ठी लिखी है। बुधवार को लिखी चिट्‌ठी में उन्होंने राज्य में फ्री वैक्सीनेशन के लिए केंद्र सरकार से वैक्सीन उपलब्ध कराने की अपील की। इसके अलावा उन्होंने PM से अनुरोध किया कि राज्य में पर्याप्त वैक्सीन के साथ-साथ ऑक्सीजन सप्लाई, हॉस्पिटल बेड्स, आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की जाए। उन्होंने मांग की, कि हमें हर दिन कम से कम 10 हजार रेमेडिसिवर के डोज और 1000 टोसीलिजुमाब की वॉयल्स की जरूरत है। इसकी जल्द से जल्द व्यवस्था की जाए।

मुख्यमंत्री ने चिट्ठी में राज्य में ऑक्सीजन की कमी को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने लिखा कि ऑक्सीजन की सप्लाई 220 MT से बढ़ाकर 500 MT तक करने की जरूरत है। आने वाले 7 दिनों में रोजाना इतनी ऑक्सीजन की जरूरत और बढ़ेगी। जल्द से जल्द 500 MT ऑक्सीजन राज्य को मुहैया कराई जाए। साथ ही चिट्ठी में ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था करने की मांग भी ममता ने की है।

केरल के CM ने भी मांगे 75 लाख वैक्सीन के डोज
इधर, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी केंद्र से कोवीशील्ड के 50 लाख और कोवैक्सिन के 25 लाख डोज मांगे हैं। उन्होंने 1000 टन लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन, PSA प्लांट, ऑक्सीजन कन्सन्ट्रेटर और वेंटिलेटर की सुविधा कराने की मांग की है।

ममता बोलीं- वैक्सीन लगाने में हॉकर, ट्रांसपोर्टर्स और पत्रकारों को देंगे प्राथमिकता
ममता बनर्जी ने सीएम की कुर्सी संभालने के बाद पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की। इसमें उन्होंने कहा कि प्रदेश में हॉकर, ट्रांसपोर्टर्स और पत्रकारों को वैक्सीन की डोज में प्राथमिकता दी जाएगी। कोरोना खत्म करना हमारी जिम्मेदारी है। बंगाल से कोरोना हटाना होगा।

मास्क पहनना जरूरी, सरकारी दफ्तर में 50% स्टाफ
उन्होंने कहा कि कोरोना के हालात को देखते हुए हमें कुछ कदम उठाने की जरूरत है। सभी लोग मास्क पहनें। साथ ही सरकारी दफ्तरों में 50% कर्मचारियों की उपस्थिति रहेगी। वही, प्राइवेट कंपनियां भी अपने कर्मचारियों से घर से काम कराएं और यहां भी ऑफिस में 50% कर्मचारियों की छूट रहेगी। इसके अलावा राज्य में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, जिम, सिनेमा हॉल, ब्यूटी पार्लर खुलने पर रोक लगाई गई है। प्रदेश में अब राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमों पर भी रोक रहेगी।

सुबह 7 से 10 और शाम 5-7 खुलेंगे बाजार
इसके अलावा उन्होंने सभी बाजार, किराने स्टोर और दुकानें सुबह 7 से 10 और शाम 5 से 7 खोलने के निर्देश दिए हैं। सभी तरह की लोकल रेल सेवाओं को गुरुवार से स्थगित करने के निर्देश दिए हैं। राज्य परिवहन की बसें और मेट्रों ट्रेन में 50% से ज्यादा यात्रियों की अनुमति नहीं दी जाएगी। ज्वेलरी शॉप भी दोपहर 12 से 3 बजे तक ही खोलने के निर्देश दिए गए हैं। होम डिलिवरी को बढ़ावा दिया जाएगा। बैंक में भी सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक ही काम होगा।

एयरपोर्ट पर निगेटिव रिपोर्ट जरूरी
इसके अलावा उन्होंने कहा कि 7 मई से एयरपोर्ट पर कोरोना की RT-PCR रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही यात्रियों को अनुमति दी जाएगी। RT-PCR रिपोर्ट 3 दिन से ज्यादा पुरानी नहीं होनी चाहिए। अगर किसी यात्री की रिपोर्ट पॉजिटिव आती है, तो उसे एयरपोर्ट ऑथोरिटी 14 दिन के लिए आइसोलेशन में भेजेगी।