दिल्ली में 101 साल बाद सबसे ज्यादा बारिश:कोहरे से 14 ट्रेनें लेट; UP में स्कूल बंद; MP में ओले, श्रीनगर में बर्फबारी

National

(www.arya-tv.com) जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग और तनमार्ग में बर्फबारी के कारण फंसे 68 टूरिस्ट को शुक्रवार देर रात सेना ने रेस्क्यू किया।

आर्मी ने बताया कि अचानक हुई भारी बर्फबारी और सड़कों के बंद होने के कारण 30 महिलाओं और 8 बच्चों समेत 68 लोग घाटी पर फंस गए थे। उन्हें रेस्क्यू कर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। उन्हें शेल्टर और दवाएं भी दी गईं।

बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह हाईवे और मुगल रोड को बंद हो गया। श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे पर 2,000 वाहन फंस गए। भारी बर्फबारी के कारण शनिवार सुबह श्रीनगर एयरपोर्ट पर 80% उड़ानें रद्द कर दी गईं। वहीं घने कोहरे के चलते दिल्ली में 14 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

शुक्रवार को दिल्ली में 24 घंटे में शहर में 9.1mm बारिश दर्ज की गई। यह पिछले 15 साल में दिसंबर महीने की सबसे ज्यादा बारिश रही।

वहीं, राजस्थान के अजमेर में भी दिसंबर महीने में पिछले 24 घंटे के दौरान 21.4mm से ज्यादा बरसात रिकॉर्ड हुई। यह पिछले 14 साल में दिसंबर की सबसे ज्यादा बारिश है।

UP के मुजफ्फरपुर में तेज बारिश के कारण एक मकान गिर गया, जिससे महिला की मौत हो गई। बारिश और ठंड के कारण गाजियाबाद-मेरठ में 8वीं तक के स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।

शुक्रवार को MP के कई जिलों में बारिश हुई। रतलाम, मंदसौर, बैतूल, आलीराजपुर समेत कई जिलों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। शनिवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा।

पहाड़ों में आगे कैसा रहेगा मौसम-

जम्मू-कश्मीर: 29 से 31 दिसंबर तक मुख्य रूप से मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 1 से 5 जनवरी के बीच कश्मीर में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है।

उत्तराखंड: उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में शीतलहर और भारी बर्फबारी की संभावना है। चमोली में सभी सरकारी, गैर-सरकारी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्‌टी घोषित कर दी गई है।

हिमाचल प्रदेश: शुक्रवार को छह जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी हुई है, जिसके चलते लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और किन्नौर में अगले 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया।

3 राज्यों में बर्फबारी, 8 राज्यों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने आज 3 राज्यों में बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। इसमें जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश शामिल है। इसके अलावा 8 राज्यों में बारिश की संभावना भी जताई है। इनमें पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र शामिल हैं। यूपी, बिहार, एमपी, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में आंधी-तूफान और बिजली चमकने का भी अलर्ट है।

अगले 2 दिन का मौसम-

29 दिसंबर: MP-राजस्थान में बारिश का अलर्ट

  • पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कोहरे का अलर्ट है।
  • जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल में बर्फबारी के आसार नहीं हैं।
  • मैदानी राज्य बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ में कोहरे और शीतलहर से भी राहत रहेगी।

30 दिसंबर: कहीं बारिश का अलर्ट नहीं

  • पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर घने कोहरे की संभावना है।
  • हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का अलर्ट है। मध्य प्रदेश, राजस्थान में ठंड बढ़ने का अनुमान है।