मौसम ने ली करवट, हवा के साथ हो सकती है बारिश

# ## Lucknow

अभिषेक राय 

(www.arya-tv.com) दोपहर में हो रही धूप की तपिश लोगों को असहज करने लगी है। झांसी में मंगलवार को इस साल का सर्वाधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं हमीरपुर, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी और कानपुर में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से 14 और 15 मार्च को प्रदेश के तराई और उत्तरी पश्चिमी इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। 15 मार्च को प्रदेश के पूर्वी-तराई इलाकों समेत राजधानी से सटे कानपुर में भी बादलों संग बूंदाबांदी के संकेत हैं।

चार वर्ष बाद पारा 32 डिग्री के पार
फाल्गुन माह अभी आधा बाकी है और अभी से धूप चैत्र माह की याद दिला रही है। राजधानी में चार वर्ष बाद 11 मार्च को पारा 32 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा है। इसके पहले 2021 में 11 मार्च को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हो चुका है। मौसम विभाग की माने तो मार्च के अंत तक गर्म हवाओं से लू का अहसास भी होने लगेगा।
होली तक राजधानी में तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस के पार चले जाने के आसार हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि बुधवार से पछुआ हवा की रफ्तार 30 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है। अगले तीन से चार दिनों तक तापमान का धीरे-धीरे बढ़ना जारी रहेगा।