आज से दिन बड़ा और छोटी होगीरात:अगले 10 दिन में और बढ़ेगी गर्मी, 42 डिग्री के पार पहुंचेगा पारा

# ## Environment

(www.arya-tv.com)फाल्गुन के महीने में सूरज की तपिश ने जेठ जैसी गर्मी का अहसास करा दिया है। बीते 10 दिनों में पारा 6.6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ चुका है। अगले 10 दिन में लखनऊ, कानपुर, मेरठ, आगरा समेत अन्य बड़े शहरों में गर्मी और बढ़ेगी। यहां पर पारा 42 डिग्री के पार पहुंच जाएगा। आगे भी लगातार गर्मी में इजाफा होने से मुश्किलें और बढ़ेंगी।

रविवार को लखनऊ और कानपुर में तेज गर्मी देखने को मिली। लखनऊ में दिन का तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उधर कानपुर में साल का सबसे गर्म दिन रहा। यहां पारा 36.8 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया। वहीं लोगों को गर्मी के साथ उमस भी सताने लगी है।

दक्षिणी पश्चिमी हवाएं दिखा रहीं असर
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (CSA ) के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बीते साल के मुकाबले इस बार गर्मी ने जल्द दस्तक दी है। इसके साथ ही पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों में भी दक्षिण पश्चिमी शुष्क हवाएं अपना असर दिखा रही हैं। इसी वजह से लगातार तापमान बढ़ रहा है।

मार्च के अंत से चलेगी लू
मौसम विज्ञानी के मुताबिक इस समय हवा की रफ्तार बेहद कम है। अभी हवा की रफ्तार कानपुर समेत पूरे प्रदेश में 2 से 3 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। अभी नमी 84 प्रतिशत बनी हुई है। जैसे-जैसे हवा में नमी कम होती जाएगी, लू चलने के आसार और प्रबल होते जाएंगे। लू मार्च के अंत चलना शुरू हो जाएंगी।

आगरा और मेरठ में बढ़ा तापमान

मौसम विभाग केंद्र लखनऊ के मुताबिक आगरा और मेरठ डिविजन में पांच डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। वहीं वाराणसी, प्रयागराज, झांसी, लखनऊ, मुरादाबाद डिविजन में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ा है। कानपुर में रात का तापमान भी 1.6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है। गोरखपुर, बरेली, झांसी डिविजन में 1.6 से 3 डिग्री तक तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है।

आज से दिन-रात बराबर

सोमवार से दिन और रात बराबर हो जाएंगे। 6 महीने बाद ऐसा होगा। बीते साल ऐसा 20 मार्च को हुआ था। वहीं 21 सितंबर को इसी तरह की स्थिति बनी थी। मौसम विज्ञानी के मुताबिक ऐसा इसलिए होता है कि सूर्य अपने निर्धारित कक्ष में चक्कर लगाता है। इसकी दिशा उत्तर से दक्षिण रहती है। हर साल 21 मार्च और 23 सितंबर को पृथ्वी की भूमध्य रेखा सूर्य के ठीक सामने पड़ती है। जिससे दिन और रात बराबर हो जाते हैं।