द कश्मीर फाइल्स:विवेक अग्निहोत्री ने फिल्म को काल्पनिक कहने के लिए विकिपीडिया को लगाई फटकार

# ## Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com) विवेक अग्निहोत्री के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को ऑडियंस ने खूब पसंद किया है। इस फिल्म की कहानी कश्मीरी पंडितों पर बेस्ड है। कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक विचारधारा वाली फिल्म तो कुछ ने मुस्लिम विरोधी फिल्म कहा। वहीं इसी बीच विकिपीडिया ने अपने पेज पर फिल्म को गलत और काल्पनिक बताया, जिस पर विवेक ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए विकिपीडिया को फटकार लगाई है। साथ ही इसे जल्दी एडिट करने को भी कहा है।

विकिपीडिया ने बताया फिल्म को फिक्शनल स्टोरी

विकिपीडिया के पेज पर फिल्म के बारे में लिखा गया, “फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ साल 2022 में बनी एक भारतीय हिंदी भाषा की ड्रामा फिल्म है, जिसे विवेक अग्निहोत्री ने लिखा और डायरेक्ट किया है। फिल्म में कश्मीर के विवादित इलाके से कश्मीरी हिंदुओं के डिस्प्लेसमेंट की फिक्शनल स्टोरी दिखाई गई है। साल 1990 में हुए डिस्प्लेसमेंट को जेनोसाइड दिखाया गया है, जिसके बारे में ज्यादातर ऐसा सोचा जाता है कि यह गलत और षडयंत्र पर बनी कहानियों पर आधारित है।”

विवेक ने विकिपीडिया को जल्दी इसे एडिट करने की दी सलाह

विवेक अग्निहोत्री ने इसका स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, “प्रिय विकिपीडिया, आप इसमें इस्लामोफोबिया, प्रोपेगैंडा, संघी और कट्टर जैसे शब्द जोड़ना भूल गए हैं। आप अपनी सेकुलर पहचान खोते जा रहे हैं। जल्दी इसे और एडिट करें।”

विवेक की पत्नी ने भी इस फिल्म में किया है काम

‘द कश्मीर फाइल्स’ की कहानी कश्मीरी पंडितों पर बेस्ड है। इस फिल्म में विवेक की पत्नी पल्लवी जोशी ने जेएनयू की प्रोफेसर राधिका मेनन का रोल प्ले किया है। फिल्म के मुताबिक राधिका ने ही स्टूडेंट्स को ‘आजाद कश्मीर’ के लिए लड़ाई करने को मोटिवेट किया था। इस फिल्म में अनुपम खेर के अलावा पल्लवी जोशी, मिथुन चक्रवर्ती, प्रकाश बेलावड़ी, दर्शन कुमार, भाषा सुंबली, पुनीत इस्सर जैसे एक्टर्स भी लीड रोल में नजर आ रहे हैं।