एंबुलेंस के संचालन में नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। एआरटीओ शांति भूषण पांडेय और प्रवर्तन अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में छह एंबुलेंस के चालान किए गए, जबकि चार एंबुलेंस को विभिन्न थानों में बंद कराया गया।
परिवहन विभाग की टीम ने अभियान के दौरान एंबुलेंस के आवश्यक प्रपत्र, फिटनेस और अन्य निर्धारित मानकों की जांच की। जांच के दौरान नियमों में कमी पाए जाने पर विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई की। अचानक हुई इस कार्रवाई से एंबुलेंस संचालकों में हड़कंप मच गया। एआरटीओ शांति भूषण पांडेय ने बताया कि अभियान का उद्देश्य एंबुलेंस के संचालन में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना है, ताकि मरीजों को सुरक्षित और बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके। साथ ही एंबुलेंस वाहनों के दस्तावेज और फिटनेस आदि को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया जा रहा है।उन्होंने एंबुलेंस संचालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज और फिटनेस संबंधी औपचारिकताएं पूरी रखें तथा निर्धारित नियमों का पालन करें। उन्होंने बताया कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
