वे नरभक्षी थे, मुझे भी खाना चाहते थे:अमेरिका में माता-पिता और भाई-बहन की हत्या

# ## International

(www.arya-tv.com) अमेरिका के टेक्सास में 18 साल के लड़के ने अपने माता-पिता, बहन और 5 साल के भाई की हत्या कर दी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने पुलिस को बताया कि उसके परिवार के लोग नरभक्षी थे और उसे खाने की प्लानिंग कर रहे थे।

आरोपी का नाम सीजर ओलेड है। घटना टेक्सास के नाश शहर की है। इस परिवार के एक परिचित ने पुलिस को फोन करके घटना के बारे में बताया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ओलेड को सरेंडर करने के लिए कहा। इसके बाद घर में जाने पर उन्हें 4 शव मिले। इनमें ओलेड के माता-पिता, बड़ी बहन और 5 साल का एक भाई शामिल था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने परिवारों वालों पर कई बार गोलियां चलाईं। इसके बाद वह शवों को खींचकर बाथरूम तक ले गया। पूरे घर में कई जगहों पर खून था।

आरोपी ने परिवार को बंदी बनाया था
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी सीजर ओलेड की मां लिसबेट ओलेड काम पर नहीं गई थीं। इस वजह से उनके साथ काम करने वाले जोसफ फ्लाइडर उनके घर हालचाल लेने पहुंचे। यहां उन्हें दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद ओलेड के परिवार का एक सदस्य भी वहां आया। वह जोसफ फ्लाइडर के साथ जबरदस्ती घर में दाखिल हुए तो देखा कि सीजर ने अपने पूरे परिवार को बंदी बना रखा है। उसने घर आए लोगों को भी जान से मारने की धमकी दी। सीजर लगातार अपने घरवालों को नरभक्षी बता रहा था।

इसके बाद फ्लाइडर ने पुलिस को सूचना दी। आरोपी सीजर को 82.5 करोड़ रुपए के बॉन्ड पर जेल भेजा गया है। उसके पड़ोसी रॉबर्ट वॉर्ड ने बताया कि ओलेड फैमिली के लोग काफी खुशहाल और मेहनती थे। उनकी बेटी लिसबेट ने हाल ही में अपना ग्रेजुएशन पूरा किया था। आरोपी सीजर भी बहुत अच्छा लड़का था और वो प्लम्बर बनने के लिए एक ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल होने वाला था।

4 महीनों में 200 मास शूटिंग की घटनाएं
गन वॉयलेंस आर्काइव के मुताबिक इस साल अमेरिका में 200 से ज्यादा मास शूटिंग की घटनाएं हुई हैं। 2006 से लेकर अब तक अमेरिका में सामूहिक हत्या के 556 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें करीब 2,892 लोगों की जान गई है। पिछले 2 दशकों में औसतन हर साढ़े तीन हफ्ते में ऐसा एक मामला सामने आता है।