शौहर ने दिया 3 तलाक, हलाला की आड़ में जेठ ने किया रेप; रोते-बिलखते थाने पहुंची महिला

# ## UP

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक वारदात सामने आई है. यहां शेरकोट इलाके में रहने वाली एक विवाहिता को पहले उसके शौहर ने मारा-पीटा, फिर तीन तलाक देकर घर से बाहर कर दिया. इसके बाद आरोपी के बड़े भाई ने हलाला की आड़ में पीड़िता का रेप किया. आरोपियों ने इस दौरान पीड़िता को बंधक बना लिया और उसे मायके तक भी नहीं जाने दिया. जैसे तैसे आरोपियों के चंगुल से छूटी पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दी. इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है.

पीड़िता ने एसपी अभिषेक झा के सामने उपस्थित होकर अपना दर्द बयां किया. बताया कि उसका निकाह करीब एक साल पहले नहटौर निवासी युवक के साथ हुआ था. निकाह के वक्त उसके पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान दहेज दिया और खूब खर्च किया. लेकिन ससुरालियों का इससे मन नहीं भरा और वह अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे. दहेज की मांग को लेकर आए दिन घर में झगड़े भी होते थे.

मारपीट कर घर से निकाला

पीड़िता ने आरोप लगाया कि 19 मई की रात में उसके पति ने बेरहमी से मारपीट की. इसी दौरान आरोपी ने उसे ‘तीन तलाक’ बोलकर धक्के मारते हुए घर से बाहर निकाल दिया. अगले दिन 20 मई की सुबह वह शिकायत लेकर थाने पहुंची, तो ससुराल पक्ष के लोग भी वहां आ गए. उन्होंने अपनी गलती मानते हुए भविष्य में ऐसा न करने का वादा किया और पुलिसिया कार्रवाई से बचने के लिए पीड़िता को समझा-बुझाकर वापस घर ले आए.

हलाला के नाम पर रेप

पीड़िता ने बताया कि घर लौटने के बाद पति ने पीड़िता से कहा कि तीन तलाक के बाद दोबारा निकाह के लिए उसे ‘हलाला’ करना होगा. फिर उसे जेठ के साथ रहने के लिए मजबूर किया गया. आरोप है कि जेठ ने हलाला की आड़ में उसके साथ बार बार रेप किया. पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो फिर उसके साथ मारपीट की गई. और बंधक बनाकर रखा गया. आरोपियों के चंगुल से छूटकर एसपी आफिस पहुंची पीड़िता ने अब आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है.