आगरा में ABVP के पदाधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज:RBS कॉलेज में घुसने को लेकर हुआ था विवाद

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  आरबीएस कॉलेज में एबीवीपी द्वारा चीफ प्रॉक्टर के खिलाफ प्रदर्शन के बाद मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। कॉलेज के प्राचार्य की ओर से एबीवीपी के पांच कार्यकर्ताओं को नामजद किया गया है। इन पर कॉलेज में जबरन घुसने और मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

मंगलवार को हुआ था विवाद
आरबीएस कॉलेज में मंगलवार दोपहर को चीफ प्रॉक्टर संजीव पाल सिंह के खिलाफ एबीवीपी के कार्यकर्ता कॉलेज के गेट पर धरने पर बैठ गए थे। उनका आरोप था कि चीफ प्रॉक्टर ने एबीवीपी के पदाधिकारी के साथ मारपीट और अभद्रता की है। गेट पर चीफ प्रॉक्टर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इसकी जानकारी होने पर एनएसयूआई और सपा छात्र सभा के कार्यकर्ता भी आ गए थे।

उनका कहना था कि कॉलेज में बाहरी छात्र गुंडागर्दी करते हैं। अराजकता का माहौल बनाते हैं। उन पर रोक लगनी चाहिए। इसको लेकर वो चीफ प्रॉक्टर के समर्थन में आ गए। वहीं, चीफ प्रॉक्टर का कहना है कि एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने जबरन कॉलेज परिसर में घुसने की कोशिश की। उनको रोका गया तो वो गेट खोलकर धरने पर बैठ गए। प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों के साथ अभद्रता भी की।

प्राचार्य ने दर्ज कराया मुकदमा
आरबीएस कॉलेज मे प्राचार्य विजय श्रीवास्तव ने थाना हरीपर्वत में एबीवीपी के पांच पदाधिकारी कर्मवीर सिंह बघेल, मोहित यादव, कुनाल दिवाकर, प्रियंका तिवारी व राजा सिकरवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि मंगलवार दोपहर एक बजे कॉलेज के गेट पर कुछ अवांछनीय तत्वों द्वारा नारेबाजी करते हुए मुख्य गेट को धक्का देकर खोल दिया। प्रानुशासक मंडल के गेट पर पहुंचने पर कारण जानने का प्रयास किया तो बाहरी तत्वों द्वारा गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी गई। आए दिन ये लोग कॉलेज का माहौल खराब कर छात्र-छात्राओं को आतंकित करते हैं।