यूपी में 33 जिलों में बारिश और ओले का अलर्ट:ललितपुर में इतने ओले गिरे की परत जम गई

# ## Environment UP

(www.arya-tv.com) यूपी में मौसम लगातार तीसरे दिन भी बदला हुआ है। शनिवार को प्रदेश के 33 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, शुक्रवार देर रात ललितपुर और झांसी में जमकर ओले गिरे। ललितपुर में तो इतने ओले गिरे कि जमीन पर सफेद चादर दिख गई। यहां ओले से चोटिल होकर 5 लोग घायल हो गए। वहीं, फसलों का काफी नुकसान हुआ है। नाराज किसान ओले को बोरे में भरकर ललितपुर डीएम ऑफिस ले गए। वहां डीएम ने तुरंत फसल नुकसान के सर्वे के निर्देश दिए हैं। वहीं, झांसी में भी कई इलाकों में ओले गिरे।

इससे पहले शुक्रवार के बाद शनिवार को भी कानपुर में हल्की बारिश हुई। वहीं, लखनऊ, प्रयागराज और आगरा में बादल छाए हैं। शुक्रवार को लखनऊ, आगरा और अयोध्या में भी बारिश हुई थी। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 4 दिन यानी 22 मार्च तक यूपी का मौसम ऐसा ही उलटफेर भरा रहेगा। शुक्रवार को 36.2°C के साथ वाराणसी सबसे गर्म जिले रहे हैं। वहीं, 16.3°C के साथ बरेली सबसे ठंडा शहर रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ में अधिकतम तापमान 27.2 °C और न्यूनतम तापमान 20.6°C दर्ज किया गया।

इन 33 जिलों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन 33 शहरों के लिए अलर्ट जारी किया है। उनमें सीतापुर‚ शाहजहांपुर‚ बाराबंकी‚ कौशांबी, प्रयागराज‚ सोनभद्र‚ मिर्जापुर‚ सन्त रविदासनगर‚ बस्ती‚ सिद्धार्थनगर‚ गोंड़ा‚ बलरामपुर‚ श्रावस्ती‚ बहराइच‚ शामली‚ मुजफ्फरनगर‚ बागपत‚ मेरठ‚ गाजियाबाद‚ गौतमबुद्धनगर‚ अलीगढ़‚ मथुरा‚ आगरा‚ हाथरस‚ फिरोजाबाद‚ मैनपुरी‚ बिजनौर‚ मुरादाबाद‚ रामपुर‚ बरेली‚ पीलीभीत, बुलंदशहर, बांदा हैं। इन जिलों में बारिश के साथ ही ओला गिरने की भी संभावना हैं। इन जिलों में से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलेंगी।

तापमान में गिरावट, फसलों को नुकसान
मौसम विभाग के अनुसार, गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बरसात भी होगी। इसके असर से तापमान में गिरावट होगी। मौसम में बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। लेकिन पकने के कगार पर खड़़ी रवी की फसलों को नुकसान होगा। पश्चिमी विक्षोभ और पुरवा तथा पछुआ हवाओं के मिलन से मौसम में यह बदलाव हुआ है।

बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता

एक तरफ जहां बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों की चिंता भी बढ़ गई हैं। शुक्रवार को भी दिन भर बादल छाए रहे। किसान इस समय आलू की खुदाई कर रहे है। सरसों की फसल भी पककर तैयार है, लेकिन बारिश होने से किसानों की उम्मीदों को नुकसान हो सकता है। किसानों का कहना है कि अगर बारिश होती है तो आलू खेत में ही सड़ जाएगा। सरसों की बाली भी टूटकर जमीन पर गिर जाएगी। इससे हमें काफी नुकसान होगा। हमारी फसल नष्ट हो जाएगी, जिससे सारी मेहनत बेकार हो जाएगी।

ललितपुर 30 मिनट गिरे ओले, 5 घायल

ललितपुर में शुक्रवार की शाम बारिश और औले गिरने से 10 से अधिक किसान घायल हो गये। जिनमें 5 घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। किसानों ने बताया, तकरीबन 30 मिनट तक लगातार ओले गिरे। इस दौरान मवेशी भी घायल हो गए है। घायलों की पहचान बारेलाल (65), दरयाव सिंह के बेटे हल्के (60), राजधर (60) बारेलाल (47) अशोक कुमार (24) के रूप में हुई है। बारिश बंद होते ही किसान ओले बोरी में भरकर डीएम ऑफिस पहुंचे। जिसके बाद डीएम ने सभी उपजिलाधिकारी और लेखपाल की टीम भेजकर फसलों को नुकसान के सर्वे करने के निर्देश दिए है।

बदले मौसम में किसानों के लिए एडवाइजरी जारी

कृषि विभाग ने बदलते मौसम को देखते हुए किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। किसानों को सिंचाई न करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दें। बुवाई, कीटनाशक दवा का छिड़काव भी न करें। आंधी-बारिश से फसल गिरने की आशंका है। बारिश ज्यादा हुई तो सरसों की फसल को अधिक नुकसान हो सकता है।