पेट्रोल-डीजल के दामों में बदलाव नहीं, 16 राज्यों में 100 रुपए लीटर के ऊपर बना हुआ है पेट्रोल

# ## Business

(www.arya-tv.com) पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आज यानी 24अप्रैल को भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 96.72 रुपए, जबकि डीजल 89.62 रुपए प्रति लीटर पर बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपए और डीजल 94.27 रुपए प्रति लीटर पर है। देश के 16 राज्यों में पेट्रोल के दाम 100 रुपए लीटर से ऊपर बने हुए हैं। आज कच्चे तेल (ब्रेंट क्रूड) कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। यह 81 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है।

मई 2022 के बाद से कीमतों में बदलाव नहीं
आखिरी बार मई 2022 में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बदलाव किया गया था। तब पेट्रोल पर 8 रुपए और डीजल पर 6 रुपए प्रति लीटर उत्पाद शुल्क घटाया गया था। इससे पेट्रोल और डीजल के दाम 9.5 रुपए और 7 रुपए कम हो गए थे। जुलाई 2022 में, महाराष्ट्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर VAT में 5 रुपए और 3 रुपए प्रति लीटर की कटौती की थी।

16 राज्यों में पेट्रोल 100 के ऊपर
देश के 16 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है। मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, तेलंगाना, पंजाब, झारखंड, सिक्किम, ओडिशा, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के सभी जिलों में पेट्रोल 100 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं डीजल की बात करें तो ये ओडिशा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में 100 रुपए से भी ऊपर निकल गया है।

आने वाले दिनों में घट सकते हैं दाम
कच्चे तेल के दाम गिरने के चलते देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी आ सकती है। इंटरनेशनल बाजार में कच्चे तेल (ब्रेंट) 81 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल पर हुए पुराने नुकसान की भरपाई कर दी है। पेट्रोल-डीजल की रिटेल बिक्री पर उन्हें अब फायदा हो रहा है। ऐसे में आने वाने दिनों में इनके दामों में कमी आ सकती है।

रोजाना सुबह 6 बजे तय होते हैं पेट्रोल-डीजल के रेट
ऑयल मार्केटिंग कंपनियां कीमतों की समीक्षा के बाद रोज़ाना पेट्रोल और डीजल के रेट तय करती हैं। इंडियन ऑयल , भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम रोज़ाना सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल की दरों में संशोधन कर जारी करती हैं।