14 से फिर बूंदाबांदी के आसार:2 दिन पारा चढ़ने के बाद नीचे आएगा तापमान

# ## Kanpur Zone

(www.arya-tv.com) मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने रफ्तार पकड़ी थी, लेकिन पारा अब भी सामान्य बना हुआ है। शुक्रवार को न्यूनतम पारा महीने के निचले स्तर पर चला गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन तापमान बढ़ने का ट्रेंड संभव है, लेकिन फिर बदली होने से इस पर अंकुश लग सकता है। 14 से बूंदाबांदी भी संभव है।

हवा में नमी का प्रतिशत बढ़ा
हवा की दिशा उत्तर पश्चिम से दक्षिण पश्चिम हो गई। इसके चलते नमी का प्रतिशत बढ़ गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान गुरुवार के मुकाबले 01.4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 30.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। पहले दस दिनों में अधिकतम पारा सबसे कम 29 डिग्री (09 मार्च) और 32 डिग्री (03 मार्च) को रहा है।

न्यूनतम तापमान 14 से 13.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। प्रथम दस दिनों में न्यूनतम तापमान सर्वाधिक 16.6 (01 मार्च) और कम से कम 29 (09 मार्च) डिग्री रहा।

रात के तापमान में रहेगी कमी
देशभर में ऊंचे तापमान का भले ही पूर्वानुमान जारी किया गया हो, लेकिन कानपुर में अगला सप्ताह भी सामान्य के नजदीक रहेगा। अगले 48 घंटों में दिन का पारा थोड़ा बढ़ेगा, लेकिन रात के तापमान में कमी रहेगी। इसके बाद दिन का पारा कम होगा,लेकिन रात के तापमान में वृद्धि हो जाएगी। 14 मार्च से गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी संभव है। ऐसा मौसम 48 घंटों तक रहेगा। इसके बाद तापमान में वृद्धि की संभावना है।

गर्मी को लेकर अलर्ट जारी
गर्मी को लेकर एडीएम एफआर राजेश कुमार ने अलर्ट जारी किया है। मार्च से मई तक अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इसको लेकर प्रदेश सरकार की ओर से प्राप्त निर्देशों का पालन किया जाएगा। शासन से मिले निर्देशों से स्वास्थ्य विभाग को अवगत करा दिया गया है। साथ ही शिक्षा तथा संवाद सामग्री से जागरूकता फैलाई जाएगी।