राममंदिर की महापीठ का काम पूरा:मंदिर के गर्भगृह की 4 लेयर बनकर तैयार; इसी का हिस्सा है महापीठ

# ## UP

(www.arya-tv.com) भव्य राम मंदिर के गर्भगृह का निर्माण तेजी से चल रहा है। बुधवार को गर्भगृह के 4 लेयर और महापीठ का निर्माण पूरा हो गया। अब अयोध्या में 21 और 22 जुलाई को राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक होगी।

महापीठ प्लिंथ से 7 फीट ऊंची और 5 लेयर की है। इसका निर्माण पूरा होने के बाद अब खंभे लगने का काम शुरू होगा। महापीठ के हर लेयर के पत्थर पर हाथी, फूल, घोड़े जैसे धार्मिक प्रतीक चिह्न बनाए गए हैं।

ट्रस्ट ने कहा- प्लिंथ का 80% निर्माण पूरा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि बरसात के बावजूद काम दिन-रात चल रहा है। ट्रस्ट का सबसे पहला लक्ष्य दिसंबर, 2023 तक राम मंदिर का निर्माण कार्य पूरा करना है। हमने प्लिंथ का 80% निर्माण पूरा कर लिया है। इसे 7 लेयर में तैयार होना है। इसमें ग्रेनाइट के 17 हजार बड़े पत्थर के टुकड़े लगाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मंदिर के पहले तल में 1 लाख 75 हजार वर्ग फीट पत्थर लगने हैं। इसका 70% तराशा हुआ पत्थर निर्माण स्थल पर पहुंच चुका है। यह राजस्थान के बंशी पहाड़पुर का गुलाबी पत्थर है। गर्भगृह के अंदर मकराना के सफेद संगमरमर का इस्तेमाल किया जाएगा।

50 एकड़ भूमि के उपयोग को लेकर ट्रस्ट कर रहा विचार
डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि मंदिर निर्माण के लिए अभी तक कुल 70 एकड़ जमीन ही है। इसमें राम मंदिर का परकोटा आठ एकड़ का रहेगा। मंदिर के परकोटा के अलावा कुल 20 एकड़ में ही निर्माण कार्य किया जाना है। बाकी 50 एकड़ भूमि के उपयोग को लेकर ट्रस्ट विचार कर रहा है।

कल से होने वाली बैठक में अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र भी मौजूद रहेंगे। इसमें यह तय किया जाएगा कि इसका उपयोग क्या हो? इसके बाद इसके निर्माण को लेकर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।