गोरखपुर-बस्‍ती मंडल की 10 सिटों पर 13 मंत्रियों व पूर्व मंत्रियों की प्रतिष्‍ठा दांव पर, जानिए क्या होगा आगे

Gorakhpur Zone

गोरखपुर (www.arya-tv.com) विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामांकन के बाद गोरखपुर-बस्ती मंडल की 41 सीटों पर सियासी घमासान की तस्वीर साफ हो गई है। वैसे तो हर सीट पर कड़ी प्रतिस्पर्धा है, लेकिन कुछ वीआइपी सीटों पर मतदाताओं से लेकर नेताओं तक की नजर गड़ी हुई है। यहां वीआइपी सीट से आशय मंत्रियों से लेकर पूर्व मंत्रियों वाली सीटों पर है। दोनों मंडलों में ऐसी 10 सीटें हैं, जिन पर या तो मंत्री की प्रतिष्ठा दांव पर है या पूर्व मंत्री की। इनमें सात सीटें गोरखपुर मंडल के चार जिलों की हैं तो तीन बस्ती मंडल के तीन में से दो जिलों की।

गोरखपुर-बस्ती मंडल की 10 सीटों पर 13 मंत्री और पूर्व मंत्री हैं मैदान में

गोरखपुर मंडल में सात और बस्ती मंडल की तीन सीटों पर लगी हैं सबकी निगाहें चर्चा के नजरिए से गोरखपुर जिले की चार सीटों महत्वपूर्ण हैं। इनमें गोरखपुर शहर, खजनी, कैंपियरंगज और चिल्लूपार सीट शामिल है। देवरिया की दो सीटों रुद्रपुर और पथरदेवा में मंत्रियों और पूर्व मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

कुशीनगर की फाजिलनगर सीट भारतीय जनता पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी में आए पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद के कारण महत्वपूर्ण हो गई है तो महराजगंज में फरेंदा की सीट पूर्व मंत्री शंखलाल माझी के कारण। सपा ने उन्हें नामांकन के दिन टिकट दिया। बस्ती की र्हैया सीट पर पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह बहुजन समाज पार्टी से मैदान में हैं तो सिद्धार्थनगर में दो सीटों पर दो मंत्री और एक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

संतकबीरनगर में चुनाव नहीं लड़ रहा कोई मंत्री व पूर्व मंत्री

दोनों मंडलों में संतकबीर नगर ही ऐसा जिला है, जिसकी किसी भी सीट पर कोई भी मंत्री या पूर्व मंत्री नहीं लड़ रहा है। मुख्यमंत्री के चलते महत्वपूर्ण हो गई गोरखपुर शहर सीटगोरखपुर शहर सीट मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रत्याशी बनने के बाद प्रदेश ही नहीं देश भर में चर्चा का केंद्र है।

गोरखपुर सदर से मुख्‍यमंत्री हैं मैदान में

पांच बार गोरखपुर से सांसद रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। यहां मुख्यमंत्री के सामने सभी चेहरे नए होने के कारण मुकाबला आसान माना जा रहा है, वहीं लोग हार-जीत की बजाय जीत के अंतर की चर्चा कर रहे हैं। इस सीट पर उनका मुकाबला सपा की सुभावती शुक्ला, बसपा के ख्वाजा शमशुद्दीन और कांग्रेस की चेतना पांडेय से है।