तोते ने खोला हत्या का राज, 9 साल बाद सजा:भांजे ने मामी का मर्डर करके लूटपाट की थी

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  आगरा में 9 साल पहले हुई महिला की हत्या और लूटपाट की वारदात के दो दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। दोषियों ने महिला के पालतू कुत्ते की भी जान ले ली थी। खास बात यह है कि कुत्ते के हमले से चोट के निशान और तोते की गवाही से पुलिस हत्यारों तक पहुंची थी। महिला की हत्या करने वाला एक दोषी महिला का भांजा है।

गहने और नकदी लूट कर फरार हो गए थे
घटना 21 फरवरी 2014 की है। आगरा के एक अखबार के संपादक विजय शर्मा एक शादी समारोह में फिरोजाबाद में गए थे। उनकी पत्नी नीलम घर पर अकेली थीं। रात में बदमाशों ने घर में घुसकर उनकी हत्या कर दी और गहने-नकदी लूटकर फरार हो गए। तब पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।

परिजन ने बताया- विजय शर्मा के घर में एक पालतू तोता था। घटना के बाद से तोता उदास रहने लगा। घर वालों को शक हुआ, तो उन्होंने तोते के सामने कई लोगों का नाम लेना शुरू किया। जैसे ही उन्होंने विजय शर्मा के रिश्ते के भांजे आशुतोष गोस्वामी उर्फ आशु का नाम लिया, तो तोता जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी थी।

आरोपी के शरीर पर मिले कुत्ते के काटने के निशान
पुलिस ने आशु को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जांच में पुलिस को आशु के शरीर पर कुत्ते के काटने और चोट लगने के निशान मिले। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपने दोस्त रोनी मेस्सी के साथ मिलकर नीलम शर्मा की हत्या की बात कबूल कर ली।

आशु को बेटे की तरह मानती थीं नीलम
वकील ने बताया- जिस आशुतोष गोस्वामी को नीलम अपने बेटे की तरह मानती थीं, उसी ने उनकी हत्या कर दी। नीलम का सिर्फ एक बेटा था। वह मानसिक विक्षिप्त था। आरोपी आशुतोष की कुछ गलत आदतों को देखकर उसके घर आने पर रोक लगा दी गई थी, जिस कारण वह नाराज चल रहा था और उसने नीलम की हत्या कर दी।