बरेली के लोग जानिये क्यों नहीं जमा कर रहे नगर निगम का टैक्स,आखिर क्यों नही बना रहा वसूली का दबाव

Bareilly Zone

बरेली (www.arya-tv.com) शहरवासी टैक्स में एकमुश्त समाधान योजना लागू होने के इंतजार में बैठे हैं। इस कारण नगर निगम की वसूली घट गई है। महापौर ने इस योजना को लागू करने के लिए शासन में बात की है। ब्याज पर ब्याज यानी चक्रवृद्धि ब्याज की छूट मिलने के बाद टैक्स वसूली भी बढ़ने की संभावना है। नगर निगम को इस वित्तीय वर्ष में करीब 73 करोड़ रुपये का टैक्स जमा करना है। शहरी क्षेत्र में करदाताओं की संख्या करीब 1.42 लाख है। नगर निगम ने इन करदाताओं के बिल जून से जारी करने शुरू कर दिए थे। अब तक 30 फीसद ही टैक्स नगर निगम को मिल पाया है।

टैक्स की वसूली काफी कम हो रही है, जिससे अधिकारी परेशान हैं। दरअसल, बीते दिनों शहर विधायक डा.अरुण कुमार के प्रस्ताव पर नगर निगम बोर्ड ने मुहर लगाई थी। उन्होंने टैक्स में पिछले बकाए पर लगने वाले ब्याज पर ब्याज को माफ किए जाने का प्रस्ताव पार्षदों के माध्यम से दिया था। बोर्ड ने प्रस्ताव को पास कर मंजूरी के लिए शासन को भेज दिया। इसकी जानकारी होने पर करदाताओं ने टैक्स जमा करने से हाथ खींच लिए।

ब्याज पर लगने वाले ब्याज की छूट पाने के लिए एकमुश्त समाधान योजना का इंतजार लोग कर रहे हैं। अब तक शासन की ओर से इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। वित्तीय वर्ष खत्म होने में मात्र चार माह बचे हैं, ऐसे में टैक्स रिकवरी का लक्ष्य पूरा होना मुश्किल लग रहा है। बरेली के महापौर डा. उमेश गौतम ने बताया कि शहरवासियों के लिए एकमुश्त योजना को लागू कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए लखनऊ स्तर पर अधिकारियों से बात की है। जल्द योजना के लागू होने की संभावना है।