आगरा में रात भर हाईवे की रखवाली कर रही पुलिस:गैंगस्टर ने दी है खुली चुनौती

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  आगरा में पुलिस एक गैंगस्टर को पकड़ने के लिए परेशान हैं। गैंगस्टर ने पुलिस को चुनौती देने के लिए जानबूझकर पुलिस चौकी के पास वारदात की। बदमाश को पकड़ने के लिए रात में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक 30 से ज्यादा पुलिसकर्मी हाईवे की रखवाली कर रहे हैं। बदमाश पर 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है।

मंगलवार की रात खंदारी फ्लाईओवर के ऊपर बाइक सवार छह बदमाशों ने दो लोगों से लूटपाट की थी। तीसरी घटना राजमार्ग पर 500 दूर आईएसबीटी कट पर हुई थी। बुग्गी चालक से मोबाइल और कैश लूटा गया था। तीन घंटे में तीन वारदातों के बाद पुलिस हरकत में आई। छानबीन शुरू हुई। पता चला कि इसी गैंग ने आठ जुलाई को राजमार्ग स्थित टीएसएफ फ्लाईओवर पर देशी शराब ठेके के सेल्समैन से 51 हजार रुपए लूटे थे। पुलिस ने पीड़ितों को फोटो दिखाईं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। एक बदमाश की पहचान यमुनापार निवासी गैंगस्टर आलोक यादव के रूप में हुई। डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।

गुरुवार की रात पुलिस ने बदमाशों को घेरने ने के जाल बिछाया। रात 11 बजे से पुलिस की एक दर्जन टीमें बाइकों पर राजमार्ग पर लगाई गईं। बेखौफ लुटेरे आधी रात के बाद निकले। पुलिस की आंखों के सामने से धूम स्टाइल में भाग गए। पुलिस ने ककरैठा के जंगल तक उनका पीछा किया। सूचना पर डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय मौके पर पहुंचे। सुबह पांच बजे तक जंगल में कांबिंग कराई गई, मगर कोई नहीं मिल। पुलिस को जानकारी मिली है कि आलोक यादव के साथ निमेष चौहान भी चलता है। वे भी घटनाओं में शामिल है।

न्यू आगरा पुलिस की लापरवाही से रंगबाज बना चुनौती
गैंगस्टर आलोक यादव पहले भी जेल जा चुका है। उसे डॉन बनने का शौक है। इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर सक्रिय है। 40-50 लड़के बाइकों पर उसके साथ चलते हैं। 25 जून को आलोक यादव गैंग ने कल्याणी हाइट्स के पीछे दो युवकों को गोली मारी थी। वह फार्च्यूनर से आया था। न्यू आगरा पुलिस ने घटना को हल्केपन से लिया। चार दिन बाद मुकदमा लिखा गया। उसी दिन पुलिस उसके पीछे लग जाती तो ये वारदातें नहीं होतीं।
सौ फुटा मार्ग, दयालबाग स्थित कल्याणी हाइट्स के पीछे नीरज और राहुल नाम के युवक को गोली मारी गई थी। घायलों ने आलोक यादव की दहशत के चलते तहरीर नहीं दी थी। चार दिन बाद चौकी इंचार्ज अमर विहार ने मुकदमा लिखाया था। आलोक यादव गैंग के आधा दर्जन युवक पुलिस ने पकड़े। जेल भेजे। वह पुलिस से डरने के बजाए फिल्मी स्टाइल में चैलेंज देने के लिए सामने आया।

पुलिस मान रही है कि उसने जानकार न्यू आगरा क्षेत्र की दयालबाग चौकी के ऊपर बुधवार की रात डकैती की दो वारदातों को अंजाम दिया। संयोग से तीसरी वारदात कुछ मीटर आगे की नहीं तो यह मुदकमा भी न्यू आगरा थाने में लिखा जाता। अब हरीपर्वत, न्यू आगरा के साथ सिटी एसओजी टीम भी बदमाशों की तलाश में जुटी है। खुद डीसीपी सिटी पुलिस का नेतृत्व कर रहे हैं। सीओ ताज सुरक्षा सैयद अरीब अहमद को भी बदमाशों के पीछे बाइक दौड़ानी पड़ रही है।

लूट के बाद ढाबे पर चलाई गोली
आठ जुलाई की रात सिकंदरा क्षेत्र में देशी शराब ठेके के सेल्समैन विजय यादव के साथ रात करीब साढ़े दस बजे लूट हुई थी। बाइक सवार तीन बदमाशों ने 51 हजार रुपये लूटे थे। इसी रात साढ़े बारह बजे ट्रांसयमुना क्षेत्र में मंडी समिति के पास मुफ्त खाना नहीं देने पर ढाबे पर गोली चलाई गई थी। सीसीटीवी फुटेज में आलोक यादव कैद हुआ था।

लारेंस विश्नोई बनाना चाहता है आलोक
पुलिस ने आलोक यादव के सोशल मीडिया अकाउंट भी खंगाले। इंस्टाग्राम देख पुलिस को पता चला कि वह पूर्व में जेल से रिहा हुआ था तब उसे पांच दर्जन से अधिक युवाओं का काफिला जेल तक बाइकों से लेने पहुंचा था। ज्यादातर रील में गैंग युवाओं की भीड़ दिख रही है। वह खुद को सुल्तान मिर्जा लिखता है। लॉरेंस विश्नोई बनना उसकी चाहत है। उसने लारेंस विश्नोई के डायलाग पर रील बनाई हैं। पुलिस उसकी रील देखकर हैरान हैं।