शादी के 9 महीने बाद दुल्हन को भगाया:घर जाने पर ससुर छोड़ देता है डॉग

# ## Agra Zone

(www.arya-tv.com)  आगरा में एक विवाहिता दर-दर भटक रही है। 9 महीने पहले उसकी शादी हुई थी। आरोप है कि ये शादी करने वाले शख्स ने उससे पहली शादी छिपाई थी। शादी के बाद ससुर बुरी नियत रख रहा था। 7 महीने की गर्भवती होने पर उसको बेघर कर दिया।

बेटी होने के बाद वो दोबारा ससुराल पहुंची, तो उसके ससुर ने विवाहिता पर कुत्ता छोड़ दिया। इतना ही नहीं, अपनी ही बहू पर चोरी की एफआईआर लिखवा दी। अब पीड़िता डेढ़ महीने की बच्ची के साथ भटकने को मजबूर है। सीएम पोर्टल पर भी पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है। सोशल मीडिया पर गुहार लगाने का वीडियो वायरल हो रहा है।

लॉकडाउन के दौरान हुई थी शादी

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो की जानकारी करने पर पीड़िता के बारे में पता चला।पीड़िता ने बताया की वो एटा जिले के थाना पिलुआ के गोकुलपुर गांव की रहने वाली प्रीति कुशवाह है, उसकी बुआ के जरिए उनके परिवार के पास आगरा के थाना एम एम गेट अंतर्गत मोती कटरा नई गली निवासी चांदी व्यवसायी गगन अग्रवाल पुत्र वीरेंद्र का रिश्ता आया था। लॉकडाउन के समय 20 जून 2021 को उनकी शादी हो गई।

पति पहले भी कर चुका था शादी

प्रीति ने बताया की शादी के बाद पता चला की पति की पहले एक शादी हो चुकी है और उसके दो बेटियां हैं। इस पर ससुरालीजनों ने उसे तलाक के कागजात दिखाए तो उसने विरोध खत्म कर दिया। पति छत्तीसगढ़ में काम करते थे और महीने में एक दो दिन के लिए ही आते थे।

ससुर रखता था बुरी नियत

प्रीति ने बताया की ससुर उस पर बुरी नियत रखता था। उसका बात करने और छूने का तरीका उसे अच्छा नहीं लगता था। शादी के सात माह बाद उसे गर्भ ठहरा और दो माह बीतने पर ससुर की हरकतों की शिकायत उसने सास और पति से कर दी। इसके बाद पति ने उसे घर से निकाल दिया। डेढ़ माह पूर्व उसने बच्ची को जन्म दिया। अब जब वो घर जाती है तो कोई उसे अंदर नहीं आने देता है और ससुर कुत्ते को खोल देता है। अपनी और बेटी की जान के खतरे के चलते ससुराल भी नहीं जा पा रही हूं।

पहली पत्नी की भी विवाद में एंट्री

प्रीति ने बताया कि गर्भवती अवस्था में उसके परिजनों ने उसका ख्याल रखा और इसी बीच पता चला की ससुर ने उसके ऊपर घर से सोने और चांदी के गहने चोरी करने की कोर्ट से रिपोर्ट लिखाई है। इसी दौरान अचानक पहली पत्नी ने उसके खिलाफ कोर्ट में वाद दाखिल कर दिया है की उसके पति के द्वारा बिना तलाक दिए मैंने शादी कर ली है, जो कि अवैध है। मेरे को भगाने के बाद कूटनीति से पति ने भी तलाक के कागज बनवा लिए हैं , उसे इस बात की कोई जानकारी ही नहीं हुई है।

थाना पिलुआ में दर्ज है मुकदमा

पीड़िता ने बताया की एटा जिले के थाना पिलुआ में उसका मुकदमा दर्ज है। उसने अभी मुख्यमंत्री जन सुनवाई पर भी शिकायत की है और वहां से एटा एसपी को कार्रवाई के लिए कहा गया है।

भटकने को मजबूर

पीड़िता ने बताया की परिवार बहुत गरीब है और जैसे तैसे उन्होंने इतने दिन उसे रख लिया। अब बेटी हो गई है और बार – बार आगरा कोर्ट आना पड़ रहा है। वकील को फीस देने के पैसे तो दूर की बात आने जाने का किराया जुटाने में ही लोगों के आगे हाथ फैलाने पड़ रहे हैं, ऐसे में परिजनों ने भी अपना इंतजाम करने को कह दिया है। अब डेढ़ माह की बच्ची लेकर कहां जाऊं, मुझे अपनी बेटी की चिंता है। किसी तरह से उसे उसका हक मिलना चाहिए।

पूरे मामले में आरोपी परिवार से बात करने का प्रयास किया गया पर उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया, आगरा पुलिस के पास अभी तक कोई शिकायत नहीं आई है।