रायबरेली में शव रखकर परिजनों ने किया सड़क जाम:बेटी की हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने किया प्रदर्शन

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला है। परिजनों का आरोप है कि, महिला जिस बैंक मैनेजर के घर खाना बनाने जाती थी उसी ने उनकी बेटी की हत्या कर दी। उन्होंने पुलिस पर भी मामले को दबाने के लिए सादे कागज पर उनसे अंगूठा लगवाने का आरोप लगाया।

बेटी की हत्या के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के लिए परिजनों ने रविवार को बेटी का शव रख सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थानीय लोगों की सहायता से परिजनों को समझाकर वापस भेज दिया। परिजनों के आरोपों को पुलिस बेबुनियाद बता रही है। घटना शहर कोतवाली के इंदिरा नगर इलाके की है।

क्या है पूरा मामला

पति से तलाक के बाद प्रीति दो बच्चों के साथ अपने मायके मटिहा गांव में रह रही थी। बच्चों की परवरिश के लिए वो इंदिरा नगर कालोनी में रहने वाले एक बैंक मैनेजर के घर खाना पकाती थी। रोज रात से पहले वो काम निपटकर अपने घर वापस लौट आती थी, लेकिन इसबार ऐसा नहीं हुआ। प्रीति पूरी रात घर नहीं लौटी। इस बीच बैंक मैनेजर के घर काम करने वाला लवकुश नाम के व्यक्ति ने परिजनों को फोन करके बताया कि, प्रीति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही परिजन बैंक मैनेजर के घर पहुंचे। प्रीति का शव बेड पर पड़ा हुआ था। उसके गले पर निशान थे।

परिजनों ने दी पुलिस को सूचना

बेटी को इस हालत में देख परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची बैंक मैनेजर के घर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। शव मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस पर बैंक मैनेजर और लवकुश को बचाने का आरोप लगाया। इसके बाद बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए परिजनों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया।

केस दर्ज करने के बाद किया अंतिम संस्कार

परिजनों को पुलिस ने स्थानीय लोगों की मद्द से समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज किया। केस दर्ज करने के बाद परिजनों ने अपनी बेटी का अंतिम संस्कार किया। सीओ सिटी महिपाल पाठक ने बताया कि, परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने पुलिस पर लगाये गए आरोपों को बेबुनियाद बताया। कहा कि, मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।