पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की हालत में हो रहा सुधार, एम्स प्रशासन ने जानकारी साझा की

Health /Sanitation National

(www.arya-tv.com) पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की हालत में सुधार है। एम्स प्रबंधन के अधिकारियों ने यह जानकारी साझा की है। बुधवार को अचानक से तबीयत खराब होने के बाद मनमोहन सिंह को  दिल्ली स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को उनके स्वास्थ्य के बारे में बताते हुए एम्स प्रशासन ने कहा कि फिलहाल उन्हें बुखार है जिसका इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। 

मनमोहन सिंह की तबीयत खराब होने के बाद पीएम मोदी ने जल्द स्वस्थ होने की कामना की। गुरुवार को  वहीं उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया एम्स पहुंचे थे।  उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री से मुलाकात की और उनकी सेहत का हाल जाना। वहीं उनके अलावा कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी मनमोहन सिंह का हाल जानने एम्स पहुंचे।

अप्रैल में कोरोना संक्रमित हुए थे मनमोहन सिंह
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह कोरोना की दूसरी लहर के दौरान संक्रमित हो गए थे। 19 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। हालांकि, कुछ समय बाद स्वस्थ्य होकर वह घर लौट गए, लेकिन छह माह बाद बुखार आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।