मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुण्डा की जयन्ती पर लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

Lucknow UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान बिरसा मुण्डा की जयन्ती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जनपद सोनभद्र के सेवा समर्पण संस्थान, सेवा कुंज आश्रम, कारीडाड चक, चपकी में 575 करोड़ रुपये की 233 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने वनाधिकार अधिनियम-2006 के अन्तर्गत 13 जिलों के 16 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक वनाधिकार पट्टा प्रमाण पत्र प्रदान किये। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा जनजातियों के जीवन को चित्रों में प्रदर्शित करने वाली कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की बधाई देते हुए कहा कि देश के स्वाधीनता आन्दोलन में विदेशी हुकूमत की जड़ों को उखाड़ फेकने वाले जनजाति समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले भगवान बिरसा मुण्डा की आज जयन्ती है। यह दिवस सभी के जीवन में उत्साह और उमंग का संचार करे ऐसी कामना है। उन्होंने कहा कि जिनका जो अधिकार है, उनको मिलना ही चाहिए, उसी दिशा में आज यहां प्रदेश के 13 जिलों के 16 जनजाति भाई व बहनों को प्रतीकात्मक वनाधिकार का पट्टा प्रमाण-पत्र देते हुए जनपद सोनभद्र के कुल 3,934 लाभार्थियों को वनाधिकार प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। इसी क्रम में पूरे प्रदेश में जनप्रतिनिधिगण के माध्यम से अब तक कुल 23,335 लाभार्थियों को वनाधिकार का पट्टा दिया गया है। उन्होंने प्रदेश के सभी जिला प्रशासन व वन विभाग व सम्बन्धित विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि जनजातियों को वनाधिकार का पट्टा देने के साथ ही आवास व अन्य सुविधाओं से आच्छादित किया जाए।

इस अवसर पर समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व व मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार द्वारा जनजातियों के अधिकार, शिक्षा, स्वावलम्बन के लिए कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हमेशा जनजाति के लोगों के हितों के संवर्द्धन के लिए चिन्तनशील रहते हैं। आज सम्पन्न शिलान्यास व लोकार्पण कार्यक्रम बहुत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोंड सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे