मुख्यमंत्री ने पटियाली तहसील में बाढ़ प्रभावित गांव बरौना का स्थलीय निरीक्षण किया

Lucknow
  • वर्तमान में प्रदेश के 21 जनपदों के 721 गांव बाढ़ से प्रभावित, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर राहत सामग्री वितरण का कार्य चल रहा : मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद कासंगज की तहसील पटियाली क्षेत्र में गंगा नदी के किनारे स्थित बाढ़ प्रभावित गांव बरौना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामों का हवाई सर्वेक्षण भी किया। उन्होंने बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री का वितरण किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि बाढ़ की आपदा से प्रदेश के कुछ जनपद प्रभावित हुए हैं। एक ही समय में कुछ जनपद बाढ़ से तथा कुछ जनपद सूखे से प्रभावित हैं। आज वे यहां बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने आये हैं। यह दूसरे चरण की त्रासदी है। पहले चरण में यमुना नदी से सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बिजनौर, गाजियाबाद तथा बागपत जनपद प्रभावित हुए थे। दूसरे चरण में गंगा नदी से बदायूं, कासगंज, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर तथा कन्नौज जनपद प्रभावित हुए हैं। यद्यपि यहां पर बरसात कम हो रही है, लेकिन उत्तराखण्ड में बरसात ज्यादा होने के कारण गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा है।

इस अवसर पर बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।