मुख्यमंत्री ने जनपद मथुरा में प्रबुद्धजन सम्मेलन को सम्बोधित किया

Uncategorized

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रबुद्धजन सम्मेलन में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने जनपद मथुरा के विकास से सम्बन्धित 822.43 करोड़ रुपये की 210 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें 324 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 84 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा लगभग 498 करोड़ रुपये कुल लागत की 126 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, नियुक्ति-पत्र, आवास की प्रतीकात्मक चाभी, प्रतीकात्मक चेक, टैबलेट तथा स्मार्ट फोन व आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड वितरित किये। मुख्यमंत्री  ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने गर्भवती माताओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया। कार्यक्रम में प्रबुद्धजनों द्वारा मुख्यमंत्री का सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की लम्बी विरासत है। यहां पर भगवान श्रीकृष्ण की पावन जन्मभूमि के साथ ही राधारानी और भगवान श्रीकृष्ण की लीला भूमि भी स्थित है। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या, बाबा विश्वनाथ का पावन धाम, मां विन्ध्यवासिनी का पवित्र धाम तथा भगवान बुद्ध से जुड़े हुए सर्वाधिक पवित्र स्थल भी उत्तर प्रदेश में मौजूद हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश सरकार ने नये नगर निगम बनाने की कार्यवाही प्रारम्भ की थी, तब उनके पास मथुरा-वृन्दावन को नगर निगम बनाने का प्रस्ताव आया था। इसे नगर निगम बनाने का सौभाग्य हमें प्राप्त हुआ। बोर्ड गठित होने के बाद विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ी। उ0प्र0 ब्रज तीर्थ विकास परिषद के गठन के माध्यम से यहां विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाया गया। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार ने स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत प्रदेश के 10 शहर चिन्हित किये थे। राज्य सरकार ने शेष 07 नगर निगमों को राज्य स्मार्ट सिटी मिशन से जोड़ा। इनमें मथुरा-वृन्दावन भी था। स्मार्ट सिटी मिशन के अन्तर्गत इण्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल सेण्टर (आई0सी0सी0सी0) बनाये गये हैं। कोविड काल में इसने कोविड प्रबन्धन का कार्य भी किया। 

इस अवसर पर केन्द्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह बघेल, प्रदेश के चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं प्रबुद्धजन तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मन्दिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया।