उड़ान लोहड़ी उत्सव में भांगड़ा व गिद्दा नृत्य की मनोरम छटा बिखरी

Lucknow

लखनऊ। फिर आ गयी भांगड़े दी वारी, लोहड़ी मनोन दी करो तैयारी आग दे कोल सारे आओ “सुंदरिये मुंदरीए” जोर नाल गाओ…. गीत पर जलती हुई आग के चारों ओर जब महिलाओं और युवतिवो ने कोविड प्रोटोकाल के तहत भांगड़ा नृत्य प्रस्तुत किया तो माहौल कुछ रूमानी सा हो गया। यह खूबसूरत दृश्य था आज देर शाम फरीदी नगर लखनऊ स्थित उड़ान संस्था के प्रांगण का, जहां उड़ान के तत्वावधान में उड़ान लोहड़ी उत्सव का आयोजन किया गया था।
उड़ान लोहड़ी उत्सव मे अग्नि की परिक्रमा करते हुए पंजाबी वस्त्रों मे सजी धजी युवतियों और महिलाओं ने ढोलक की थाप पर पारंपरिक लोहड़ी गीत दुल्ला भट्टी वाला, सानू दे लोहड़ी,तेरी जीवे जोड़ी जैसे अन्य पंजाबी गीतों पर सरिता सिंह, सविता कनौजिया, भारती सिंह, रिन्कू सिंह, आभा श्रीवास्तव,जी के बाबू, कीर्ति सिंह, स्वाति सिंह, नीलू माथुर, शालिनी, प्रतिमा पाठक, सुरभि, जया, शर्मिला, पूजा गुप्ता, रचना उपाध्याय, रिया यादव, आरती, गीता सिंह, नीतू त्रिपाठी, सुनीता पटेल, आभा श्रीवास्तव सहित अन्य महिलाओं व युवतियों ने भांगड़ा नृत्य के साथ गिद्दा नृत्य प्रस्तुत कर आकर्षक छटा बिखेरी।
समारोह में महिलाओं व युवतियों ने गजक, रेवड़ी, गुड़,मक्का, मिश्री, मूंगफली आदि को जलती हुई अग्नि को भेंट की और सभी को यह प्रसाद के रूप में बांटा। उड़ान संस्था की संस्थापक सरिता सिंह ने बताया कि लोहड़ी का पर्व सुख शांति और खुशहाली का पर्व है जिसे हम सब को एक साथ मिल जुलकर मनाना चाहिए।